करंट लगने से युवक की मौत, चार माह के बेटे के सिर से उठा पिता का साया

बस्ती जिले केनगर थाना क्षेत्र के कुढ़वा गांव में शनिवार सुबह करंट लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। युवक की मौत से चार माह के मासूम बेटे के सिर से पिता का साया उठ गया है।

Abhinav Shukla Picture
Published On

बस्ती। बस्ती जिले केनगर थाना क्षेत्र के कुढ़वा गांव में शनिवार सुबह करंट लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। युवक की मौत से चार माह के मासूम बेटे के सिर से पिता का साया उठ गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुढ़वा गांव निवासी राधेश्याम यादव का इकलौता पुत्र राजदेव यादव (27) घर में खराब पड़े फ्रिज का तार जोड़ रहा था। इसी दौरान वह अचानक बिजली की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही अचेत हो गया। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर नगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
बताया जाता है कि राजदेव गुजरात स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत था और परिवार का मुख्य कमाऊ सदस्य था। उसने आईटीआई से इलेक्ट्रिशियन ट्रेड की पढ़ाई भी की थी। पिछले वर्ष 15 अप्रैल को उसका विवाह कुदरहा ब्लॉक के सिसई पंडित गांव निवासी ज्योति के साथ हुआ था। दंपती का चार माह का एक पुत्र है।
युवक की असमय मौत से पत्नी ज्योति, मां मिश्रावती और बहन रोशनी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग भी बड़ी संख्या में घर पहुंच गए और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। गांव में पूरे दिन मातम का माहौल बना रहा।
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें