भरण-पोषण विवाद में बेटे ने ली पिता की जान।

सुबह टहलने निकले 70 वर्षीय बुजुर्ग को लल्ला चुंगी चौराहे के पास मारी गोली,।

Abhinav Shukla Picture
Published On

प्रयागराज।
 
 कर्नलगंज थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई। लल्ला चुंगी चौराहे के पास सुबह टहलने निकले 70 वर्षीय बुजुर्ग राम दुलारे कोरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शुरुआती जांच में पुलिस इस घटना को सड़क दुर्घटना मान रही थी, लेकिन अस्पताल में चिकित्सकीय परीक्षण के दौरान सीने में गोली लगने की पुष्टि होने पर मामला हत्या का निकला। जांच के बाद पुलिस ने मृतक के छोटे बेटे अखिलेश उर्फ शिवा और उसके एक साथी पर हत्या का आरोप लगाया है। दोनों आरोपी घटना के बाद से फरार हैं।
 
पुलिस के अनुसार शिवकुटी निवासी राम दुलारे कोरी रोज की तरह शनिवार सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। सुबह के समय जब वह कर्नलगंज क्षेत्र स्थित लल्ला चुंगी चौराहे के पास पहुंचे, तभी उन पर हमला हुआ। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
 
घटना की सूचना मिलते ही कर्नलगंज पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक रूप से मामला सड़क हादसे जैसा प्रतीत हो रहा था, लेकिन अस्पताल में जांच के दौरान मृतक के सीने में गोली लगने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
 
जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर मृतक के छोटे बेटे अखिलेश उर्फ शिवा की भूमिका संदिग्ध पाई गई। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर यह तथ्य सामने आया कि अखिलेश ने अपने एक साथी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।
 
एसीपी कर्नलगंज ने बताया कि पिता-पुत्र के बीच लंबे समय से भरण-पोषण को लेकर विवाद चल रहा था। इस संबंध में जिला न्यायालय में मुकदमा भी विचाराधीन था। पुलिस का मानना है कि इसी विवाद के चलते हत्या की साजिश रची गई और वारदात को अंजाम दिया गया।
 
घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है तथा आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें