परिवार नियोजन एवं लू से बचाव को लेकर आशा कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित
त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय अस्पताल में आयोजित बैठक में 55 आशा कार्यकर्ताओं ने लिया भाग, एनीमिक गर्भवतियों के बेहतर उपचार पर भी हुई चर्चा
त्रिवेणीगंज, सुपौल। अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज में गुरुवार को आशा कार्यकर्ताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुमन कुमारी ने की।बैठक में परिवार नियोजन कार्यक्रम के तहत एनपीएएससी (NPASC) एवं अंतरा योजना पर विशेष रूप से चर्चा की गई। इस अवसर पर ब्लॉक हेल्थ मैनेजर एस. आदिब अहमद ने बताया कि बढ़ती गर्मी एवं लू से बचाव के उपायों पर भी आशा कार्यकर्ताओं को विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि धूप और गर्म हवाओं से लोगों को कैसे सुरक्षित रखा जाए तथा स्वयं को कैसे बचाया जाए, इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में तीन फैसिलिटेटरों के साथ कुल 55 आशा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य पर विशेष चर्चा करते हुए बताया गया कि जिन गर्भवती महिलाओं में हीमोग्लोबिन की मात्रा 9 ग्राम से कम हो तथा वे एनीमिया से पीड़ित हों, उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज रेफर कर लाया जाए। अस्पताल में उन्हें आवश्यक उपचार एवं इंजेक्शन उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे खून की कमी दूर करने में सहायता मिलेगी तथा सुरक्षित एवं सुगम प्रसव सुनिश्चित किया जा सकेगा। बैठक में परिवार नियोजन सलाहकार इश्तियाक अहमद सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मी एवं आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Comments