आंधी-तूफान और बारिश से मिर्जापुर बेहाल, टिनशेड उड़े, पोल्ट्री फार्म ढहे, अंडरब्रिज में भरा पानी
मीरजापुर।
संवाददाता प्रवीण तिवारी
मीरजापुर।गुरुवार आधी रात आई तेज आंधी, तूफान और बारिश ने मिर्जापुर में एक बार फिर जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। तेज हवाओं और बारिश के चलते नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में कई जगह नुकसान की खबरें सामने आई हैं।
नगर के पुतलीघर रोड क्षेत्र में एक मकान की छत पर लगा टिनशेड तेज हवा में उखड़कर सड़क पर गिर गया। गनीमत रही कि उस समय सड़क पर कोई राहगीर मौजूद नहीं था, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।

वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में कई पोल्ट्री फार्म भी आंधी के चलते क्षतिग्रस्त हो गए। तेज हवाओं के कारण टीन और ढांचे उड़ गए, जिससे पशुपालकों को नुकसान उठाना पड़ा।
बारिश के चलते मिर्जापुर का नटवा रेलवे अंडरब्रिज एक बार फिर पानी से भर गया। अंडरब्रिज में जलभराव होने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई दोपहिया वाहन पानी में फंसते नजर आए।

इसके अलावा शास्त्री पुल पर भी वाहनों की लंबी कतार लग गई। बारिश और ट्रैफिक दबाव के कारण लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ा।
लगातार हो रही बारिश और अव्यवस्थाओं को लेकर लोगों ने प्रशासन से जलनिकासी और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है।


Comments