604 किलो गांजा के साथ चार अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

कोइरौना पुलिस व स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई तीन करोड़ से अधिक का माल बरामद

Abhinav Shukla Picture
Published On

भदोही। जनपदीय पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 604.20 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ चार अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 2 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। कार्रवाई थाना कोईरौना पुलिस एवं स्वाट टीम ने संयुक्त रूप से की।

पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम रैयापुर स्थित भावापुर नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर एक ट्रक कंटेनर एवं क्रेटा कार को पकड़ा। तलाशी के दौरान वाहनों से 604.20 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से त्रिशूल जायसवाल निवासी माण्डा प्रयागराज, बाबूराम मौर्या निवासी पवई आजमगढ़, सुरेन धरई एवं मोन्टू साहू निवासी देवगढ़ उड़ीसा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उड़ीसा से गांजा लाकर भदोही एवं आसपास के जिलों में ऊंचे दामों पर बेचते थे। गिरोह का संचालन त्रिशूल जायसवाल करता था।

पुलिस के अनुसार गिरोह सरगना त्रिशूल जायसवाल के खिलाफ एनडीपीएस समेत विभिन्न धाराओं में पहले से 14 मुकदमे दर्ज हैं। मामले में थाना कोईरौना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है। वहीं पुलिस अन्य वांछित तस्करों की तलाश में जुटी हुई है।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक रामनगीना यादव, स्वाट प्रभारी राजकुमार पाण्डेय सहित थाना कोईरौना एवं स्वाट टीम के कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।


About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें

नवीनतम समाचार