पारिवारिक कलह बनी मौत की वजह! युवक ने फांसी लगाकर दी जान, गांव में पसरा मातम
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा
स्वतंत्र प्रभात | संवाददाता मनोज कुमार
प्रकाशक – जितेंद्र कुमार राजेश
मसौढ़ी थाना क्षेत्र के मटौढ़ा गांव में पारिवारिक तनाव से परेशान एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई और पूरे गांव में मातम का माहौल कायम हो गया। मृतक की पहचान मटौढ़ा निवासी मधीर कुमार (25 वर्ष) के रूप में हुई है, जो संजय पासवान का पुत्र बताया जाता है। परिजनों एवं स्थानीय लोगों के अनुसार युवक पिछले कुछ समय से पारिवारिक समस्याओं को लेकर मानसिक तनाव में चल रहा था। इसी तनाव में उसने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।
घटना की सूचना मिलते ही मसौढ़ी थानाध्यक्ष विवेक भारती पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है। घटनास्थल पर पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की। थानाध्यक्ष विवेक भारती ने बताया कि अभी तक मृतक के परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। आवेदन मिलने पर मामले की गंभीरता से जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।


Comments