नेपाल से लाई जा रही 132.65 किलो गांजा की खेप बरामद, तस्कर फरार
प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है
बेतिया। पश्चिम चंपारण पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 16 मई को बड़ी कार्रवाई करते हुए 132.65 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस दौरान पुलिस ने एक महिंद्रा बोलेरो वाहन को भी जब्त किया, जबकि वाहन पर सवार दो तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस अधीक्षक पश्चिम चंपारण के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान डीआईयू मद्य निषेध टीम एवं गोपालपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल की ओर से अवैध मादक पदार्थ की बड़ी खेप बोलेरो वाहन से बेतिया लाई जा रही है। सूचना के आधार पर डीआईयू प्रभारी एवं गोपालपुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में संयुक्त छापेमारी टीम गठित कर वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान बेतिया-मैनाटांड़ मुख्य सड़क पर तेज गति से आ रही सिल्वर रंग की महिंद्रा बोलेरो (रजिस्ट्रेशन संख्या BR 22P 1657) को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही वाहन पर सवार दो व्यक्ति अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए। इसके बाद वाहन की तलाशी लेने पर उसमें रखे 17 पैकेटों से कुल 132.65 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने इस मामले में 17 मई को गोपालपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार तस्करों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। वही छापेमारी दल में शामिल अधिकारी पु. नि. राजेश कुमार, डीआईयू प्रभारी मद्य निषेध, पु.अ.नि. अंकित कुमार, थानाध्यक्ष गोपालपुर थाना, पु.अ.नि. सुरेश यादव, गोपालपुर थाना रिजर्व गार्ड एवं डीआईयू मद्य निषेध टीम शामिल रही ।


Comments