एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार की जा रही है निगरानी
ताकि उपभोक्ताओं की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके
स्वतंत्र प्रभात | संवाददाता अतुल कुमार
प्रकाशक – जितेंद्र कुमार राजेश
बेतिया। अपर समाहर्ता-सह-जिला आपूर्ति पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा ने बताया कि जिले में वर्तमान समय में 14.2 किलोग्राम के 23430 घरेलू गैस सिलेंडर तथा 19 किलोग्राम के 1522 वाणिज्यिक गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं। जिला प्रशासन द्वारा गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान जिलेभर में कुल 11162 गैस सिलेंडरों की सफलतापूर्वक होम डिलीवरी कराई गई है।
प्रशासन का प्रयास है कि सभी उपभोक्ताओं तक समय पर गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित हो तथा वितरण व्यवस्था में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। अपर समाहर्ता-सह-जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने कहा कि गैस आपूर्ति से संबंधित प्राप्त 4 शिकायतों को संबंधित अनुमंडल पदाधिकारियों को भेजते हुए त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया गया है। इन शिकायतों के निष्पादन की नियमित मॉनिटरिंग भी की जा रही है, ताकि उपभोक्ताओं की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि गैस बुकिंग, डिलीवरी अथवा आपूर्ति से जुड़ी किसी भी प्रकार की देरी, अनियमितता या शिकायत की स्थिति में वे जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06254-247002 एवं 06254-247003 पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।


Comments