सहूलियतः पुलिस महकमे के बडे साहब के आसपास ही मिलेंगे सभी साहब
-एसपी देहात, एसपी यातायात के कार्यालय भी इसी परिसर में
मथुरा। पुलिस महकमे के बड़े साहब बड़ा दिल रखते हैं। बड़े साहब के लिए बनाया गया बडा कार्यालय इन्हें उतना पसंद नहीं आया। दूर दराज से फरियाद लेकर आने वाले पीड़ितों को मिलने में किसी तरह की कोई परेशानी न हो इसे ध्यान में रखते हुए बड़े साहब ने अब शहर वाले साहब के कार्यालय में अपना कार्यालय बना लिया है। अब बडे साहब वाले कार्यालय में शहर वाले साहब बैठा करेंगे। एसएसपी श्लोक कुमार ने अपने कार्यालय को एसपी सिटी ऑफिस परिसर में स्थानांतरित कर दिया है। पहले यह कार्यालय कचहरी परिसर के पास था जहाँ जाम और पार्किंग की समस्या थी। नए भवन में 50 से अधिक फरियादियों के बैठने की व्यवस्था है।
एसएसपी ने जनता से संवाद को प्राथमिकता दी है और अब फरियादियों को जाम और पार्किंग की समस्या से निजात मिलेगी। 17 अप्रैल को एसएसपी श्लोक कुमार ने पदभार संभालने के बाद से ही जनता से संवाद को प्राथमिकता दी है। उन्होंने फरियादियों से सीधे मिलकर उनकी समस्याएं सुनने की परंपरा को और अधिक सक्रिय किया है। दूर दराज से आने वाले फरियादी किसी तरह से एसएसपी से मुलाकात नहीं कर पाते हैं तो इसी परिसर में एसपी देहात का कार्यालय है और एसपी यातायात का कार्यालय भी यही हैं।
इन अधिकारियों को भी लोग अपनी पीडा बता सकते हैं। शहर के लोग एसपी सिटी से मिलने के लिए जा सकते हैं, ये लोग बहुत दूर से नहीं आते और जागरूक भी होते हैं इस लिए इन्हें पहले वाले एसएसपी कार्यालय तक जाने में इतनी मुश्किल नहीं होगी। नए कार्यालय की शिफ्टिंग के साथ ही अब फरियादियों को न तो कचहरी क्षेत्र के जाम से जूझना पड़ेगा और न ही वाहनों को खड़ा करने में कठिनाई होगी। एसपी सिटी भवन का परिसर खुला और व्यवस्थित है, जहां लगभग 50 से अधिक फरियादी एक साथ बैठकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
इससे उन्हें अपनी बारी का इंतजार करने में सुविधा होगी। पहले तंग जगह के कारण लोग बाहर गैलरी में मजबूरन खड़ा होना पड़ता था। पुराने एसएसपी कार्यालय में एसपी सिटी राजीव कुमार को शिफ्ट किया गया है। इस भवन में एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत और एसपी यातायात मनोज कुमार यादव का भी कार्यालय बना हुआ है। ऐसे में एक ही स्थान पर तीनों अधिकारियों के मिलने से भी फरियादियों को राहत मिलेगी।


Comments