गोरखपुर ग़ोला के वार्ड-6 की मुख्य सड़क पर बह रहा नाबदान का पानी, लोगों की बढ़ी परेशानी
स्कूली बच्चे गिरकर हो रहे चोटिल, आवागमन के लिए ईंटों का सहारा; जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग
रिपोर्टर/ बृजनाथ तिवारी (ग़ोला तहसील) गोरखपुर
ग़ोला बाजार/ गोरखपुर जिले के गोला उपनगर के वार्ड नंबर-6 में बारात घर की ओर जाने वाली मुख्य सड़क पर नाबदान का पानी बहने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण करीब दो दर्जन घरों का नाबदान का पानी सड़क पर ही फैल रहा है। इससे रास्ते में जगह-जगह गंदा पानी जमा हो गया है और लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह वार्ड की प्रमुख सड़क है, जो बारात घर के साथ ही मुख्य कस्बे को जोड़ती है। इसी मार्ग से वार्ड के लोग बाजार और अपने व्यवसाय के लिए आते-जाते हैं। वहीं छोटे बच्चे भी इसी रास्ते से पैदल स्कूल जाते हैं। सड़क पर बह रहे गंदे पानी के कारण बच्चों के गिरकर चोटिल होने की शिकायत लगातार सामने आ रही है। कई बार बच्चे पानी में गिरने से स्कूल ड्रेस भी गंदा कर लेते हैं।
स्थिति यह है कि लोगों ने सड़क पर ईंटें रखकर किसी तरह आने-जाने का रास्ता बनाया है। इसके बावजूद पैदल चलने वालों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क का निर्माण तो करा दिया गया, लेकिन घरों के नाबदान का पानी निकालने के लिए नाली की व्यवस्था नहीं की गई। इसका खामियाजा अब वार्ड के लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
Read More नवागत एसपी ओमवीर सिंह ने अधिकारियों के साथ की बैठक, कानून-व्यवस्था मजबूत बनाने के दिए निर्देशवार्ड के सभासद प्रतिनिधि इम्तियाज मंसूरी उर्फ गुड्डू बाबा, वसीम, इम्तियाज अहमद राजा आदि ने बताया कि जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। उनका कहना है कि यदि सड़क किनारे नाली का निर्माण कराकर नाबदान के पानी की निकासी सुनिश्चित कर दी जाए तो समस्या का स्थायी समाधान हो सकता है।

स्थानीय लोगों ने इस समस्या को लेकर नगर प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि नगर पंचायत की चेयरमैन का निवास भी इसी वार्ड में है और उनका भी कभी-कभार इसी मार्ग से आवागमन होता है। इसके बावजूद सड़क पर बह रहे नाबदान के पानी की समस्या का समाधान अब तक नहीं हो सका है।
लोगों ने मांग की है कि नगर पंचायत तत्काल मौके का निरीक्षण कराकर नाली निर्माण अथवा जल निकासी की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करे, ताकि वार्डवासियों को गंदे पानी और जलभराव से निजात मिल सके


Comments