डीएवी जोनल स्पोर्ट्स मीट का भव्य शुभारंभ
361 बालिकाओं ने दिखाई खेल प्रतिभा, कबड्डी मुकाबले से हुई प्रतियोगिता की शुरुआत
संतोष कुमार गुप्ता ( संवाददाता)
बीजपुर /सोनभद्र-
डीएवी पब्लिक स्कूल, एनटीपीसी रिहंदनगर में मंगलवार को तीन दिवसीय डीएवी यूपी जोन-डी बालिका जोनल स्पोर्ट्स मीट का भव्य शुभारंभ सोनशक्ति स्टेडियम में उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन एनटीपीसी रिहंदनगर के परियोजना प्रमुख सह कार्यकारी निदेशक एवं महिला मंडल की अध्यक्षा ने किया। इस अवसर पर डीएवी यूपी जोन-डी की एआरओ भी उपस्थित रहीं।
.jpg)
प्रतियोगिता में सोनभद्र जनपद के विभिन्न डीएवी विद्यालयों की 361 बालिकाएँ भाग ले रही हैं। तीन दिवसीय इस खेल महाकुंभ का समापन 6 अगस्त को होगा। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न खेल स्पर्धाओं में प्रतिभागी अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन करेंगी।
कार्यक्रम में विद्यालय के एनसीसी कैडेट्स एवं विभिन्न डीएवी विद्यालयों से आए खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्च-पास्ट प्रस्तुत किया। इसके बाद मुख्य अतिथि ने मशाल प्रज्ज्वलित कर विद्यालय की हेड गर्ल दुर्गा को सौंपी। राष्ट्रीय स्तर पर खेल चुकी छात्राओं ने मशाल के साथ पूरे स्टेडियम की परिक्रमा कर खेल भावना का संदेश दिया।
विद्यालय के प्राचार्य राजकुमार ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का स्वागत करते हुए एनटीपीसी प्रबंधन, विशेष रूप से परियोजना प्रमुख संजय असाटी, मानव संसाधन विभाग, टीएसी विभाग तथा एआरओ संध्या पांडे के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से ही इस भव्य स्पोर्ट्स मीट का सफल आयोजन संभव हो पाया है।
मुख्य अतिथि संजय असाटी ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक एवं व्यक्तित्व विकास का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
प्रतियोगिता की शुरुआत देश के लोकप्रिय खेल कबड्डी से हुई। पहला मुकाबला अंडर-17 बालिका वर्ग में डीएवी रॉबर्ट्सगंज एवं डीएवी परासी के बीच खेला गया, जिसमें डीएवी परासी की टीम ने तीन अंकों से जीत दर्ज कर शानदार शुरुआत की।
समारोह में महाप्रबंधक प्रणय कुमार नायक, मानव संसाधन प्रमुख राजेश बोइपाई, अपर महाप्रबंधक योगेश त्रिपाठी, एसी सीआईएसएफ पुजारी शिवा राव, उपप्रबंधक रोशन कुमार, डीएवी परासी की प्राचार्या रचना दुबे, डीएवी अनपरा की प्राचार्या दीपा शर्मा, इंचार्ज प्राचार्य दीपा पांडे, हरिकेश यादव, एसजेएस के प्राचार्य रोनाल्ड नोरोहा, बीजपुर थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक कमलाकांत पांडे, विभिन्न समाचार-पत्रों के पत्रकार, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।


Comments