प्रयागराज में इथेनॉल से भरे टैंकर में रिसाव, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा।

हंडिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत बनारस-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब 40 हजार लीटर से अधिक इथेनॉल लेकर जा रहे एक टैंकर में अचानक रिसाव शुरू हो गया।

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

स्वतंत्र प्रभात। 
 
प्रयागराज।
 
 हंडिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत बनारस-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब 40 हजार लीटर से अधिक इथेनॉल लेकर जा रहे एक टैंकर में अचानक रिसाव शुरू हो गया। इथेनॉल अत्यंत ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड महकमा अलर्ट हो गया। चालक की सूझबूझ और त्वरित निर्णय के चलते एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
 
जानकारी के अनुसार, टैंकर बनारस की ओर से कानपुर की दिशा में जा रहा था। इसी दौरान चालक को टैंकर से इथेनॉल का रिसाव होने का आभास हुआ। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उसने तत्काल हाईवे किनारे एक सुरक्षित और खाली स्थान पर वाहन खड़ा कर दिया, जिससे आसपास के लोगों और यातायात को किसी प्रकार का खतरा न हो।
 
घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने तुरंत हंडिया पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित कराया। वहीं फायर ब्रिगेड की चार दमकल गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन कर्मियों ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए रिसाव पर काबू पाया और टैंकर को सुरक्षित करने की कार्रवाई शुरू की।
 
 
 
समय रहते चालक की सतर्कता, स्थानीय लोगों की तत्पर सूचना और पुलिस व फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई के कारण एक संभावित बड़ा हादसा टल गया। 
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें