फीचर्ड
भारत
जिलाधिकारी के निर्देश पर संयुक्त टीम की बड़ी कार्रवाई
कोन एवं दुद्धी क्षेत्र के अस्पतालों का औचक निरीक्षण, सील तोड़कर संचालित अस्पताल पुनः किया गया सीज
अबैध अस्पतालों पर कसा शिकंजा,, संचालकों में हड़कंप
राजेश तिवारी ( ब्यूरो रिपोर्ट)
सोनभद्र / उत्तर प्रदेश -
जनपद में अवैध एवं बिना मान्यता संचालित अस्पतालों के विरुद्ध जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग, प्रशासन एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा सघन निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्रवाई की गई। हाल के दिनों में प्राप्त शिकायतों में यह तथ्य सामने आया था कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा पूर्व में सील किए गए कुछ अस्पतालों का संचालन पुनः नियमों के विपरीत किया जा रहा है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित क्षेत्रों में संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्साधिकारी के निर्देशन में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. गुलाब शंकर, संबंधित उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं पुलिस बल की संयुक्त टीम ने कोन एवं दुद्धी क्षेत्र के विभिन्न चिकित्सालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भरत हॉस्पिटल एवं ग्लोबल हॉस्पिटल पूर्व से सील अवस्था में पाए गए। वहीं के.एम. हॉस्पिटल तथा नेशनल हॉस्पिटल, दुद्धी में आवश्यक अभिलेखों एवं वैधानिक मानकों की जांच के उपरांत संयुक्त टीम द्वारा सीज कर दिए गए। राधा रानी हॉस्पिटल नामक कोई चिकित्सालय मौके पर संचालित नहीं पाया गया।
निरीक्षण के दौरान कोन स्थित इंडियन हॉस्पिटल, जिसे पूर्व में सील किया गया था, उसका ताला तोड़कर पुनः संचालन किया जाना पाया गया। इस पर अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. गुलाब शंकर, संबंधित उपजिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी की मौजूदगी में पुलिस बल के सहयोग से अस्पताल को तत्काल पुनः सीज कर दिया गया।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने निर्देशित किया है कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले तथा बिना वैधानिक अनुमति संचालित अस्पतालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


Comments