तीन दिनों से फुंका ट्रांसफार्मर, भीषण गर्मी में अंधेरे में डूबा जमुरावा गांव, विभाग बना मूकदर्शक

ओसाह पावर हाउस के अंतर्गत आने वाले जमुरावा गांव में लगा 25 केवीए विद्युत ट्रांसफार्मर पिछले तीन दिनों से फुंका पड़ा है, जिससे गांव के आधे से अधिक हिस्से की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है।

Abhinav Shukla Picture
Published On

महराजगंज/रायबरेली। ओसाह पावर हाउस के अंतर्गत आने वाले जमुरावा गांव में लगा 25 केवीए विद्युत ट्रांसफार्मर पिछले तीन दिनों से फुंका पड़ा है, जिससे गांव के आधे से अधिक हिस्से की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। भीषण गर्मी और उमस के बीच ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन विद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठा सके हैं।
 
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में लगा 25 केवीए ट्रांसफार्मर लंबे समय से ओवरलोड चल रहा था। कई बार विभागीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई, लेकिन समस्या के समाधान की बजाय शिकायतों को नजरअंदाज किया जाता रहा। नतीजा यह हुआ कि ट्रांसफार्मर आखिरकार फुंक गया और पूरे क्षेत्र की बिजली गुल हो गई।
 
बिजली न होने से पेयजल संकट भी गहरा गया है। घरों में लगे पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण शोपीस बनकर रह गए हैं। रात में अंधेरे और गर्मी के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की परेशानी और बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद विभाग के कर्मचारी केवल आश्वासन दे रहे हैं, जबकि जमीनी स्तर पर कोई कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही है।
 
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया तो वे विद्युत विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। लोगों का कहना है कि एक तरफ सरकार बेहतर बिजली व्यवस्था के दावे करती है, वहीं दूसरी तरफ गांवों में फुंके ट्रांसफार्मर कई दिनों तक नहीं बदले जा रहे हैं।
 
अब सवाल यह है कि तीन दिनों से अंधेरे में डूबे जमुरावा गांव की सुध आखिर कब लेगा विद्युत विभाग? और क्या जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही पर कोई कार्रवाई होगी या ग्रामीणों को इसी तरह गर्मी और अंधेरे की दोहरी मार झेलनी पड़ेगी?
 
 तो वहीं विद्युत विभाग की जेई योगेश कुमार यादव से दूरभाष पर बात की गई तो उन्होंने बताया कि बहुत जल्द ही ट्रांसफार्मर लगवा कर विद्युत व्यवस्था बहाल की जाएगी

About The Author

Post Comments

Comments