चलती कार बनी आग का गोला, परिवार ने कूदकर बचाई जान
नगर के पेट्रोल पंप स्थित बैंक ऑफ इंडिया के सामने गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलती कार अचानक आग का गोला बन गई।
गोपीगंज। नगर के पेट्रोल पंप स्थित बैंक ऑफ इंडिया के सामने गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलती कार अचानक आग का गोला बन गई। घटना में कार सवार परिवार बाल-बाल बच गया, जबकि देखते ही देखते पूरी कार जलकर खाक हो गई। जानकारी के अनुसार ग्राम सरई मिश्रानी थाना गोपीगंज निवासी नीरज दुबे पुत्र हीरामणि दुबे अपने परिवार के साथ कार संख्या यूपी 65 ए वी 0156 से वाराणसी की ओर जा रहे थे। बताया जाता है कि जैसे ही उनकी कार बैंक ऑफ इंडिया के सामने पहुंची, तभी अचानक गाड़ी से धुआं निकलना शुरू हो गया। कुछ ही क्षणों में धुआं आग में तब्दील हो गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कार में सवार सभी लोग तुरंत वाहन से बाहर निकल आए और अपनी जान बचाई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। सड़क पर आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय नागरिकों ने साहस दिखाते हुए अथक प्रयास कर किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही गोपीगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जली हुई कार को सड़क किनारे हटवाकर यातायात को सुचारू कराया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।


Comments