नवनियुक्त मंत्रियों के बीच हुआ बिभाग का बंटवारा
नीतीश कुमार के पुत्र निशांत को स्वास्थ्य विभाग की मिली जिम्मेदारी
स्वतंत्र प्रभात | पटना , बिहार ब्यूरो
प्रकाशक – जितेंद्र कुमार राजेश
पटना ब्यूरो। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को शपथ लेने वाले मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया। सबसे अधिक चर्चा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार को स्वास्थ्य विभाग मिलने को लेकर रही। वहीं पूर्व डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा को कृषि मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सामान्य प्रशासन, गृह, मंत्रिमंडल सचिवालय, निगरानी, निर्वाचन एवं सिविल विमानन विभाग अपने पास रखे हैं। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी को जल संसाधन एवं संसदीय कार्य विभाग मिला है, जबकि दूसरे उपमुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव को वित्त एवं वाणिज्य-कर विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा श्रवण कुमार को ग्रामीण विकास एवं जनसंपर्क, डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल को राजस्व एवं भूमि सुधार, लेशी सिंह को भवन निर्माण, रामकृपाल यादव को सहकारिता तथा नितीश मिश्र को नगर विकास एवं आवास विभाग सौंपा गया है।अशोक चौधरी को खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण, मदन सहनी को मद्य निषेध उत्पाद एवं निबंधन, रेनू देवी को पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण, कुमार शैलेन्द्र को पथ निर्माण और शीला कुमारी को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग मिला है।
इसके साथ ही सुश्री श्रेयसी सिंह को खेल विभाग, मो. जमा खान को अल्पसंख्यक कल्याण, शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल को ऊर्जा, मिथलेश तिवारी को शिक्षा तथा दीपक प्रकाश को पंचायती राज विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राजनीतिक गलियारों में नए मंत्रिमंडल के विभाग बंटवारे को लेकर चर्चाओं का दौर तेज है। खासकर निशांत कुमार की सक्रिय राजनीति में बढ़ती भूमिका को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।


Comments