मा. सांसद, जिला पंचायत अध्यक्ष, मा. विधायकगण ने स्वयं मोबाइल से किया स्व-गणना कार्य, जनपदवासियों से की जनगणना 2027 में सक्रिय सहभागिता की अपील

स्वयं करें स्व-गणना, दूसरों को भी करें जागरूक”

Abhinav Shukla Picture
Published On

भदोही, 08 मई 2026:– भारत की जनगणना 2027 को डिजिटल, पारदर्शी एवं सरल बनाने की दिशा में जनपद प्रशासन द्वारा व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मा. सांसद डॉ विनोद बिंद, मा. जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, मा. विधायक औराई दीनानाथ भास्कर, मा. विधायक ज्ञानपुर विपुल दुबे, जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी शैलेष कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में स्वयं अपने मोबाइल फोन के माध्यम से स्व-गणना (Self Enumeration) की प्रक्रिया पूर्ण कर जनपदवासियों को जागरूक करने का संदेश दिया। 
 
मा. सांसद डॉ विनोद बिंद ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मोबाइल के माध्यम से जनगणना पोर्टल पर पंजीकरण एवं स्व-गणना की पूरी प्रक्रिया की जानकारी देते हुए उनका भी स्व-गणना कार्य कराया। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा पहली बार आम नागरिकों को स्वयं अपने मोबाइल के माध्यम से जनगणना करने की सुविधा प्रदान की गई है, जिससे प्रक्रिया अधिक आसान, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनेगी।
प्रमुख जनगणना अधिकारी शैलेष कुमार ने बताया कि स्व-गणना का कार्य 21 मई 2026 तक किया जा सकेगा। इसके लिए नागरिकों को जनगणना पोर्टल पर अपने मोबाइल नंबर के माध्यम से पंजीकरण करना होगा। इसके उपरांत 22 मई से 20 जून 2026 तक प्रगणक दल घर-घर पहुंचकर मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य संपन्न करेंगे।

मा. सांसद डॉ विनोद बिंद ने जनपदवासियों, युवाओं, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों से अपील की कि वे स्वयं स्व-गणना करें तथा अपने परिवार, पड़ोस एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि देश की विकास योजनाओं की आधारशिला है। शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार एवं आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं के निर्माण में जनगणना की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही जनगणना 2027 को सफल बनाया जा सकता है। प्रशासन द्वारा जनपद में व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाकर लोगों को डिजिटल जनगणना से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मा. विधायक औराई दीनानाथ भास्कर, मा. विधायक ज्ञानपुर विपुल दुबे, मा. जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविन्द शुक्ल, अपर जिलाधिकारी वि0 रा0 कुंवर वीरेन्द्र मौर्य, एवं संबंधित जनप्रतिनिधिगण एवं सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे। 
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें