अपर पुलिस अधीक्षक ने किया थाना भदोही का अर्धवार्षिक निरीक्षण

जनपद की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने सोमवार को थाना भदोही का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया।

Abhinav Shukla Picture
Published On

भदोही। जनपद की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने सोमवार को थाना भदोही का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना कार्यालय, परिसर, भोजनालय, शस्त्रागार, मालखाना तथा मिशन शक्ति केंद्र/महिला हेल्प डेस्क का बारीकी से अवलोकन किया।
 
अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना कार्यालय के विभिन्न अभिलेखों—अपराध रजिस्टर, विवेचना रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की गहन जांच की और अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव के निर्देश दिए। साथ ही मालखाना एवं शस्त्रागार की स्थिति का निरीक्षण करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश भी दिए गए।
 
निरीक्षण के क्रम में थाना परिसर, बैरक एवं भोजनालय की साफ-सफाई का जायजा लिया गया। उन्होंने संबंधित पुलिसकर्मियों को उच्च मानकों के अनुरूप स्वच्छता एवं व्यवस्थाएं बनाए रखने के निर्देश दिए। लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए विवेचकों को मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए सख्त हिदायत दी।
 
अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना क्षेत्र में रात्रि गश्त एवं पैदल गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही थाना परिसर में खड़े लावारिस एवं मुकदमाती वाहनों के निस्तारण हेतु नियमानुसार नीलामी प्रक्रिया पूर्ण कराने के लिए भी निर्देशित किया।
 
निरीक्षण के दौरान नवनियुक्त रिक्रूट आरक्षियों को ब्रीफ करते हुए उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली, अनुशासन, ईमानदारी एवं जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का संकल्प है, जिसे पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निभाना चाहिए।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें