बांस की खेती से रोजगार और आर्थिक लाभ की संभावनाओं पर राज्य स्तरीय कार्यशाला
राष्ट्रीय बांस मिशन के तहत प्राणी उद्यान में आयोजित कार्यशाला में खेती, प्रजातियों और उत्पाद निर्माण की दी जानकारी; प्रशिक्षित महिलाओं को प्रमाणपत्र देकर किया प्रोत्साहित
जिला ब्यूरों कार्यालय (गोरखपुर ) उत्तर प्रदेश
गोरखपुर, 3 अक्टूबर। राष्ट्रीय बांस मिशन के तहत सीएफसी कैंपियरगंज में आयोजित पांच दिवसीय कार्यशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार को शहीद अशफाक उल्ला खां प्राणी उद्यान, गोरखपुर में एक दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें बांस की खेती, इसकी विभिन्न प्रजातियों, बांस से बनने वाले उत्पादों और उनसे आर्थिक लाभ अर्जित करने की संभावनाओं पर विशेषज्ञों ने विस्तार से जानकारी दी।
कार्यशाला के मुख्य अतिथि अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक गोरखपुर मंडल डा. बीसी ब्रह्मा रहे। विशिष्ट अतिथि प्राणी उद्यान के निदेशक सूरज, प्रभागीय वनाधिकारी गोरखपुर शुभम सिंह, उप प्रभागीय वनाधिकारी विनीत कुमार सिंह तथा उप निदेशक डा. योगेश प्रताप सिंह मौजूद रहे। वन विभाग और प्राणी उद्यान के अधिकारी-कर्मचारियों के अलावा बैम्बू मिशन से जुड़ी प्रशिक्षित महिलाएं और छात्र-छात्राएं भी कार्यशाला में शामिल हुए।

मुख्य अतिथि डा. बीसी ब्रह्मा ने बांस की खेती और उससे बनने वाली विभिन्न सामग्रियों के उत्पादन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बांस को रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ते हुए इसके व्यवस्थित उत्पादन तथा उत्पाद निर्माण पर जोर दिया।
वनस्पति शास्त्र विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डा. रामवन्त गुप्ता ने पीपीटी के माध्यम से बांस की खेती, उसकी विभिन्न प्रजातियों और उनके उपयोग के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने विभिन्न प्रयोगों के माध्यम से बांस से आर्थिक लाभ अर्जित करने की संभावनाओं की जानकारी भी प्रतिभागियों को दी।
प्राणी उद्यान के निदेशक सूरज ने आमजन को बांस के उत्पादों के प्रति जागरूक करने और जगह-जगह इनके विक्रय के लिए दुकानें संचालित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बैम्बू मिशन से जुड़ी महिलाओं को भी प्रोत्साहित किया। इस दौरान प्रशिक्षण के दौरान तैयार किए गए बांस के विभिन्न उत्पादों का अवलोकन किया गया।
कार्यशाला में बैम्बू मिशन से जुड़ी महिलाओं को प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया गया। छात्र-छात्राओं ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता की।
कार्यक्रम के अंत में प्रभागीय वनाधिकारी शुभम सिंह ने मुख्य अतिथियों, महिलाओं, छात्र-छात्राओं और सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ राज्य स्तरीय कार्यशाला का समापन हुआ।


Comments