गोरखपुर : गोवंश अवशेष मिलने के मामले में पुलिस मुठभेड़, एक बदमाश घायल और एक गिरफ्तार
दो बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार, गोवंश अवशेष मिलने के मामले में पुलिस कर रही थी तलाश
रिपोर्टर/बृजनाथ तिवारी (ग़ोला तहसील प्रभारी)
ग़ोला /गोरखपुर : गोला थाना क्षेत्र के धौंसहर उर्फ बेलवाबारी गांव में गोवंश के क्षत-विक्षत अवशेष मिलने के मामले में आरोपियों की तलाश के दौरान शनिवार तड़के पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। चीनी मिल-माल्हनपार रोड पर हुई मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि उसके एक साथी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दो अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
थाना प्रभारी सीपी पांडेय के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 4:30 बजे पुलिस टीम धौंसहर में मिले गोवंश के अवशेष और बछड़े से संबंधित मुकदमे में आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार संदिग्ध चीनी मिल-माल्हनपार रोड की ओर से निकलने वाले हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने चीनी मिल के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी।
कुछ देर बाद दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार लोग आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो पुलिस के मुताबिक बदमाशों ने टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी फायरिंग में अब्दुल रहमान उर्फ राजू निवासी इमलीडीहखुर्द, थाना सिकरीगंज के दाहिने पैर में गोली लगी। इसी दौरान मोटरसाइकिल लहराने से एक अन्य बदमाश सड़क पर गिर गया, जिसे पुलिस ने पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नूरूल हसन पुत्र शान मोहम्मद, निवासी इमलीडीहखुर्द, थाना सिकरीगंज के रूप में हुई।
घायल अब्दुल रहमान को पुलिस ने सीएचसी गोला पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस के मुताबिक, मौके का फायदा उठाकर दो अन्य बदमाश अंधेरे में फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
इससे एक दिन पहले शुक्रवार सुबह धौंसहर उर्फ बेलवाबारी गांव में धन निरंकार आश्रम के पास सड़क किनारे गोवंश के क्षत-विक्षत अवशेष मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए थे। ग्रामीणों ने गोकशी की आशंका जताते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी। पुलिस ने अवशेष एकत्र कर जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर उन्हें दफन कराया था।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे चिलवा पुल के पास जाम भी लगाया था। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी सीपी पांडेय और तहसील प्रशासन के अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन दिया था। थाना प्रभारी ने 36 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया था, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया।
पुलिस ने मामले में मु0अ0सं0 345/26 के तहत धारा 3/5 गोवध निवारण अधिनियम में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इसी मुकदमे की विवेचना और आरोपियों की तलाश के दौरान यह मुठभेड़ हुई। पुलिस फरार दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी है।


Comments