दुल्लभछड़ा–गुवाहाटी एक्सप्रेस जल्द शुरू होने की संभावना

न्यू हरांगाजाओ में क्षतिग्रस्त रेल लाइन-2 की मरम्मत अंतिम चरण में, ट्रैक पैकिंग का काम जारी

अजय यादव Picture
Published On

श्रीभूमि- न्यू हरांगाजाओ में प्राकृतिक आपदा के कारण क्षतिग्रस्त हुई रेल लाइन नंबर-2 को फिर से चालू करने के लिए रेलवे की ओर से युद्धस्तर पर काम किया जा रहा है। दिन-रात एक कर रेलवे कर्मचारी अत्याधुनिक मशीनों और उपकरणों की मदद से मरम्मत कार्य में जुटे हुए हैं। क्षतिग्रस्त रेल लाइन पर नई पटरी बिछाने का काम पूरा कर लिया गया है, जबकि फिलहाल ट्रैक पैकिंग का महत्वपूर्ण कार्य जारी है। बताया गया है कि भारी बारिश के बावजूद 2 सितंबर की देर रात तक रेलवे कर्मचारी मौके पर लगातार काम करते रहे।
 
रेलवे प्रशासन का प्रयास है कि क्षतिग्रस्त लाइन को जल्द से जल्द यात्री सेवा के लिए बहाल किया जाए। ट्रैक पैकिंग का काम पूरा होने के बाद लाइन की आवश्यक तकनीकी जांच, परीक्षण और अन्य प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी। इसके बाद रेल परिचालन दोबारा शुरू करने की दिशा में कदम उठाया जाएगा। प्राकृतिक आपदा के कारण रेल यातायात प्रभावित होने के बावजूद स्थिति को जल्द सामान्य करने के लिए रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी लगातार मैदान में जुटे हैं।
 
न्यू हरांगाजाओ की लाइन नंबर-2 के फिर से चालू होने से रेल सेवाओं को सामान्य करने की दिशा में एक बड़ी सफलता मिलने की उम्मीद है। लाइन के पूरी तरह बहाल होने के बाद वर्तमान में रद्द की गई ट्रेनों को भी चरणबद्ध तरीके से दोबारा चलाने की पहल किए जाने की संभावना है। ऐसे में दुल्लभछड़ा–गुवाहाटी एक्सप्रेस के भी जल्द पुनः परिचालन शुरू होने की उम्मीद जगी है।
 
हालांकि, ट्रेन सेवा की बहाली आवश्यक परीक्षण और रेलवे की अंतिम अनुमति के बाद ही सुनिश्चित होगी। यात्रियों की परेशानी को देखते हुए रेलवे अधिकारी और कर्मचारी लगातार दिन-रात काम कर रहे हैं। रेल लाइन के पुनर्निर्माण का कार्य अंतिम चरण में पहुंचने से दुल्लभछड़ा समेत आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों में भी रेल सेवा जल्द सामान्य होने की उम्मीद बढ़ी है।

About The Author

Post Comments

Comments

नवीनतम समाचार