डीएम-एसएसपी ने जिला कारागार का किया औचक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था परखी
बैरकों में बंदियों के सामान की सघन चेकिंग, बीमार बंदियों का जाना हाल; सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था का लिया जायजा
फिरोजाबाद।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के साथ जिला कारागार का औचक निरीक्षण कर जेल की व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने विभिन्न बैरकों में पहुंचकर बंदियों के रहने की व्यवस्था, साफ-सफाई तथा अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कुछ बैरकों में बंदियों के सामान की सघन चेकिंग भी की। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि बंदियों के पास किसी प्रकार की आपत्तिजनक अथवा प्रतिबंधित सामग्री मौजूद न हो। जेल प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
बीमार बंदियों का जाना हाल, फल किए वितरित
जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कारागार में निरुद्ध बीमार बंदियों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान मरीज बंदियों को फल भी वितरित किए गए।जिलाधिकारी ने जेल प्रशासन एवं चिकित्सकों को निर्देशित किया कि बीमार बंदियों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। जरूरत के अनुसार उन्हें तत्काल चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा उनके स्वास्थ्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
कंट्रोल रूम में सीसीटीवी व्यवस्था की जांच
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जेल के कंट्रोल रूम का दौरा कर सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली एवं स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कैमरों के माध्यम से परिसर में होने वाली निगरानी व्यवस्था को परखा और संबंधित कार्मिकों से जानकारी ली।जिलाधिकारी ने जेल परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम बनाए रखने तथा 24 घंटे सतर्क निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कारागार की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सभी संबंधित कार्मिक पूरी सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।


Comments