श्रीभूमि जिले के आनिपुर में बेली ब्रिज का निर्माण चार महीने बाद भी अधूरा, दोनों किनारों के लोग भारी परेशानी में।

साबू के सामने मुख्य सड़क भी बदहाल, विभागीय अधिकारियों की चुप्पी पर बढ़ा लोगों का आक्रोश।

Swatantra Prabhat Picture
Published On

श्रीभूमि  संवाददाता स्वतंत्र प्रभात : सचिन्द्र शर्मा 
 
असम श्रीभूमि जिले के आनिपुर में सिंगला नदी पर क्षतिग्रस्त पुल के स्थान पर बनाए जा रहे वैकल्पिक बेली ब्रिज का निर्माण कार्य चार महीने बीत जाने के बाद भी पूरा नहीं हो सका है। निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार को लेकर नदी के दोनों किनारों पर रहने वाले हजारों लोगों में भारी नाराज़गी और असंतोष व्याप्त है।
 
स्थानीय लोगों के अनुसार, पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद राज्य के कैबिनेट मंत्री कृष्णेंदु पाल ने मौके का दौरा कर एक महीने के भीतर वैकल्पिक बेली ब्रिज तैयार कराने का आश्वासन दिया था। लेकिन चार महीने बीत जाने के बावजूद निर्माण कार्य अधूरा है, जिससे मंत्री के आश्वासन पर सवाल उठने लगे हैं।
 
बेली ब्रिज समय पर तैयार नहीं होने के कारण स्कूली एवं कॉलेज के छात्र-छात्राओं, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और आम नागरिकों को प्रतिदिन जान जोखिम में डालकर नदी पार करनी पड़ रही है। इसका सीधा असर शिक्षा, व्यापार तथा आवश्यक सेवाओं पर पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य शीघ्र पूरा नहीं किया गया तो वे व्यापक जनआंदोलन शुरू करने के लिए मजबूर होंगे।
 
साबू के सामने मुख्य सड़क भी बदहाल, विभागीय अधिकारियों की चुप्पी पर बढ़ा लोगों का आक्रोश।
 
इधर, आनिपुर के साबू के सामने से गुजरने वाली महत्वपूर्ण सड़क भी लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। सड़क के कई हिस्से क्षतिग्रस्त हो चुके हैं और जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं। बरसात के दौरान सड़क पर जलभराव और कीचड़ के कारण आवागमन बेहद कठिन हो जाता है, जिससे लोगों को रोज़ाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
 
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि कई बार संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों को इस समस्या से अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। विभागीय अधिकारियों की निष्क्रियता और चुप्पी को लेकर लोगों में गहरा आक्रोश है। इसी सड़क से प्रतिदिन छात्र-छात्राएं, मरीज, व्यापारी और बड़ी संख्या में आम नागरिक आवागमन करते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है।
 
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आनिपुर के बेली ब्रिज का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर पूरा किया जाए तथा साबू के सामने स्थित इस महत्वपूर्ण सड़क की तत्काल मरम्मत कर आम जनता को लंबे समय से चली आ रही परेशानियों से राहत दिलाई जाए।

About The Author

Post Comments

Comments