मेजा थाना क्षेत्र के कुकुरकटवा गांव में तिहरा हत्याकांड।
मेजा थाना क्षेत्र स्थित कुकुरकटवा गांव में सोमवार रात हुए तिहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। एक ही परिवार के तीन लोगों की बेरहमी से हत्या किए जाने से गांव में सनसनी फैल गई है।
स्वतंत्र प्रभात
मेजा/प्रयागराज।
मेजा थाना क्षेत्र स्थित कुकुरकटवा गांव में सोमवार रात हुए तिहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। एक ही परिवार के तीन लोगों की बेरहमी से हत्या किए जाने से गांव में सनसनी फैल गई है। मृतकों में 65 वर्षीय श्यामलाल गुप्ता उर्फ कल्लू, उनकी भाभी अमरावती (58) तथा इंद्रावती (55) शामिल हैं। तीनों के शव मंगलवार सुबह घर के बाहर और आंगन में खून से लथपथ अवस्था में मिले।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि हमलावरों ने सोते समय कुल्हाड़ी, लोहे की रॉड या किसी भारी धारदार हथियार से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या की है। वारदात की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि घटनास्थल पर चारों ओर खून बिखरा पड़ा था।
वहीं मृतक श्यामलाल के छोटे भाई नींबू लाल ने बताया कि सोमवार रात परिवार के सभी लोगों ने एक साथ भोजन किया था। रात करीब नौ बजे सभी सोने चले गए। वह अपने कमरे में सोए थे, जबकि बड़े भाई श्यामलाल, उनकी पत्नी सरस्वती, भाभी अमरावती और इंद्रावती घर के बाहर और आंगन में सो रहे थे।
मंगलवार सुबह जब वह कमरे से बाहर निकले तो चारपाई के पास श्यामलाल का शव पड़ा मिला। उनके सिर से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ था। कुछ दूरी पर अमरावती और इंद्रावती के शव भी पड़े मिले। यह दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई।
घर में मौजूद चौथी महिला बची
घटना के समय घर में कुल चार लोग मौजूद थे। इनमें एक लगभग 60 वर्षीय महिला भी थी, जो सुरक्षित पाई गई। पुलिस के अनुसार महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ है। पुलिस उससे भी पूछताछ कर घटना के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।
परिजनों के मुताबिक, लगभग 15 दिन पहले आरोपी युवक ने उनके घर की एक युवती को लेकर परिवार को धमकी दी थी। इसकी शिकायत स्थानीय पुलिस से भी की गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब परिवार का आरोप है कि उसी रंजिश में इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही मेजा थाना पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी तथा फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
डीसीपी यमुनापार विवेक चंद्र यादव ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर पड़ोस में रहने वाले युवक के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आरोपी की तलाश में कई टीमें गठित की गई हैं।
crime news breaking news prayagraj news prayagraj crime local news uttar pradesh crime news Law and order forensic team police investigation Police Action brutal killing Family Dispute Criminal Case accused search operation crime scene investigation Murder Investigation Meja Police Rural Crime Postmortem Examination Homicide Investigation Violent Crime Prayagraj District Uttar Pradesh News. Meja News Triple Murder Case Kukurkatwa Village Triple Homicide Family Murder Shyamlal Gupta Amarawati Indrawati Sensational Crime DCP Yamunapar Vivek Chandra Yadav Murder Accused Named FIR Village Tragedy Revenge Angle Rural Uttar Pradesh Meja Thana


Comments