पटना में पुलिस-बदमाश मुठभेड़: कैश वैन लूटकांड के आरोपी को पैर में गोली, दो अपराधी गिरफ्तार
मसौढ़ी में ऑपरेशन लंगड़ा के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सोना कारोबारियों की रेकी करने का आरोप
मसौढ़ी/पटना :- राजधानी पटना में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का ऑपरेशन लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार की सुबह मसौढ़ी इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में कैश वैन लूटकांड से जुड़े एक आरोपी को पुलिस ने दौड़ाकर गोली मार दी, जबकि उसके साथी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार मसौढ़ी पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो शातिर अपराधी इलाके में बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की। खुद को घिरता देख अपराधियों ने भागने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए एक बदमाश के पैर में गोली मार दी।
घायल अपराधी की पहचान अजय पासवान के रूप में हुई है, जबकि उसका साथी अजय यादव को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार दोनों अपराधियों पर लूट, छिनतई और कई संगीन मामलों के दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं।
सूत्रों के मुताबिक दोनों अपराधी पिछले दो दिनों से मसौढ़ी इलाके में सोना कारोबारियों की रेकी कर रहे थे। पुलिस को आशंका है कि ये किसी बड़ी लूट की योजना बना रहे थे। जांच में यह भी सामने आया है कि हाल ही में गोपालपुर थाना क्षेत्र में हुई कैश वैन लूटकांड में भी इनकी संलिप्तता रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश के बाद पूरे बिहार में “ऑपरेशन लंगड़ा” अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मसौढ़ी पुलिस ने यह बड़ी सफलता हासिल की है।
इधर, मंगलवार को खगड़िया जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र में भी पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश बुद्दीन मियां घायल हो गया था। उसके पैर में गोली लगने के बाद उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
फिलहाल मसौढ़ी पुलिस गिरफ्तार दोनों अपराधियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का दावा है कि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो इलाके में बड़ी लूट और खूनखराबे की घटना हो सकती थी।


Comments