हर खेत तक पहुंचे सिंचाई का पानी, जिलाधिकारी ने कजरा माइनर योजना का किया निरीक्षण
यह कार्य मनरेगा एवं वीबी-जी-राम-जी योजना के तहत कराया जा रहा है।
सुपौल। सात निश्चय-03 के तहत “हर खेत तक सिंचाई का पानी” कार्यक्रम के अंतर्गत चल रही योजनाओं की प्रगति को लेकर जिलाधिकारी सुपौल सावन कुमार ने रविवार को प्रखंड सुपौल अंतर्गत ग्राम पंचायत लौकहा में कजरा माइनर योजना का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जल संसाधन विभाग की “Bed Desilting and Canal Embankment Repairing of Kajara Minor under Irrigation Division, Saharsa” योजना का जायजा लिया गया। यह कार्य मनरेगा एवं वीबी-जी-राम-जी योजना के तहत कराया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद अभियंताओं एवं मनरेगा के कार्यक्रम पदाधिकारी को प्राक्कलन के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने मुख्य नहर से निकलने वाली उप शाखा नहर में पानी के सुचारु प्रवाह के लिए मुख्य नहर में लगे ह्यूम पाइप की सफाई कराने तथा निर्धारित मानक के अनुसार नहर की पर्याप्त गहराई तक तल सफाई कराने का भी निर्देश दिया।जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों को समय पर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने एवं कृषि उत्पादन बढ़ाने के लिए सिंचाई योजनाओं का प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन जरूरी है।
निरीक्षण के दौरान डीआरडीए सुपौल के निदेशक अनित कुमार, कार्यक्रम पदाधिकारी मनरेगा, अन्य मनरेगा कर्मी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


Comments