नवीनतम
फीचर्ड
आतंकवाद राष्ट्र के विकास में बड़ी बाधा : प्राचार्य
त्रिवेणीगंज में आतंकवाद विरोध दिवस पर एनएसएस की संगोष्ठी आयोजित
त्रिवेणीगंज, सुपौल। अनूपलाल यादव महाविद्यालय में गुरुवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय इकाई के तत्वावधान में आतंकवाद विरोध दिवस के अवसर पर जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हेमंत कुमार ने की, जबकि संचालन एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी सह जिला नोडल पदाधिकारी प्रो. विद्यानंद यादव ने किया।
मौके पर प्राचार्य डॉ. हेमंत कुमार ने कहा कि आतंकवाद राष्ट्र के विकास में सबसे बड़ी बाधाओं में से एक है। इसके कारण समाज में भय और अस्थिरता का माहौल बनता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष 21 मई को आतंकवाद विरोध दिवस मनाने का उद्देश्य लोगों को आतंकवाद के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा शांति, अहिंसा और राष्ट्रीय एकता का संदेश फैलाना है।
एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो. विद्यानंद यादव ने कहा कि भारत विविधताओं वाला देश है, जहां विभिन्न जाति, धर्म और संप्रदाय के लोग रहते हैं। आपसी विषमता और गलत मानसिकता के कारण आतंकवाद जैसी प्रवृत्तियां जन्म लेती हैं। उन्होंने कहा कि आतंकवाद का कोई धर्म नहीं होता, यह केवल विकृत मानसिकता का भयावह रूप है। समाज और राष्ट्र के विकास के लिए आतंकवाद के प्रति सजग रहना आवश्यक है।
कार्यक्रम में प्रो. अरुण कुमार, प्रो. देवनारायण यादव, प्रो. तरुण कुमार सिंह, डॉ. रंभा कुमारी, प्रो. विनोद कुमार विमल, प्रो. राजकुमार यादव, प्रो. कुलानंद यादव, प्रो. अरुण कुमार यादव, प्रो. सुरेंद्र कुमार सुमन, प्रो. सदानंद प्रसाद यादव, प्रो. कुमारी पूनम, प्रो. शंभू यादव सहित महाविद्यालय के कई शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं स्वयंसेवक उपस्थित थे।


Comments