नवीनतम
फीचर्ड
गोरखपुर: जमीनी विवाद बना जानलेवा: सगे भाइयों के बीच मारपीट में युवक की मौत, गांव में मचा हड़कंप
इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज में तोड़ा दम, पुलिस जांच में जुटी
गोरखपुर: ब्यूरो कार्यालय (उत्तर प्रदेश)
गोरखपुर जनपद के हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत भेऊसा टोला महुरइया में जमीनी विवाद ने बुधवार की रात ऐसा भयावह रूप ले लिया कि एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। जमीन को लेकर दो सगे भाइयों के बीच हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें एक भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत भेऊसा टोला महुरइया निवासी रामसेवक पुत्र रमाकांत (करीब 30 वर्ष) और उनके सगे भाई आलोक पुत्र रमाकांत के बीच काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। बुधवार देर रात इसी विवाद को लेकर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद धीरे-धीरे बढ़ता गया और देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।

Read More अनियंत्रित होकर स्कूल मिनी बस पलटने से शिक्षिका सहित आधा दर्जन छात्रा हुई जख्मी, इलाज जारीमारपीट के दौरान रामसेवक को गंभीर चोटें आईं, जिससे वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़े। घटना के बाद परिवार के लोग और ग्रामीण तत्काल उन्हें एम्बुलेंस की सहायता से इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे।चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मौत की खबर से परिवार में मचा कोहराम
रामसेवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही गांव में भी तनाव का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही हरपुर-बुदहट पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।
तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार पाठक ने बताया कि समाचार लिखे जाने तक मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।


Comments