नवीनतम
फीचर्ड
कनहर सिंचाई परियोजना के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, डीएम ने किया औचक निरीक्षण
माइनर खुदाई कार्य करा रहे ठेकेदार को भी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि निरीक्षण के दौरान कार्य की प्रगति संतोषजनक नहीं मिली तो संबंधित ठेकेदार पर कड़ी पेनाल्टी लगाई जाएगी-जिलाधिकारी
राजेश तिवारी ( ब्यूरो रिपोर्ट)
सोनभद्र/ उत्तर प्रदेश -
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने शुक्रवार को कनहर सिंचाई परियोजना क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर परियोजना से जुड़े विभिन्न कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की और निर्माण कार्यों, मुआवजा वितरण, दाखिल-खारिज, पेड़ कटान, विद्युत समस्याओं तथा माइनर नहर खुदाई कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए।
बैठक में वन विभाग के अधिकारियों ने जिलाधिकारी को बताया कि मेन कैनाल नहर क्षेत्र में आने वाले सभी पेड़ों की कटान का कार्य जून माह तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके लिए विभाग की ओर से छह डिवीजन स्तरीय टीमों का गठन किया गया है तथा गांववार कार्ययोजना तैयार कर कार्य कराया जा रहा है।
Read More आरटीई कानून के तहत गरीब एवं पीडीए समाज के बच्चों को निजी विद्यालयों में नहीं मिल रहा प्रवेश वहीं विद्युत विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि परियोजना क्षेत्र में विद्युत लाइनों और अन्य तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है तथा लंबित समस्याओं का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी दुद्धी निखिल यादव एवं उप जिलाधिकारी ओबरा विवेक कुमार सिंह को निर्देशित करते हुए कहा कि डूब क्षेत्र की जिन जमीनों का अभी तक दाखिल-खारिज नहीं हुआ है, उनकी प्रक्रिया प्रतिदिन कराते हुए जल्द पूर्ण कराई जाए।
उन्होंने कहा कि जिन प्रभावित परिवारों को अब तक मुआवजा नहीं मिला है, उनके मामलों में क्षेत्रीय लेखपाल द्वारा वरासत एवं दाखिल-खारिज की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर मुआवजा वितरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने तहसीलवार समीक्षा कर लंबित मामलों के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही कनहर परियोजना अधिकारी को निर्देशित किया कि भूमि संबंधी सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराया जाए और विस्थापित परिवारों का सर्वे कराकर उन्हें आवास उपलब्ध कराने की कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जाए।
बैठक के दौरान केसीडी प्रथम के अधिशासी अभियंता वीर बहादुर सिंह द्वारा कार्य प्रगति की स्पष्ट जानकारी प्रस्तुत न किए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि परियोजना कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम ने माइनर खुदाई कार्य करा रहे ठेकेदार को भी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि निरीक्षण के दौरान कार्य की प्रगति संतोषजनक नहीं मिली तो संबंधित ठेकेदार पर कड़ी पेनाल्टी लगाई जाएगी। इस अवसर पर अर्थ एवं संख्या अधिकारी सतपाल वर्मा सहित सिंचाई विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


Comments