जनहित और पारदर्शिता के साथ विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, जिला समन्वय समिति की बैठक सम्पन्न

विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य करें: सांसद डॉ. विनोद बिंद

Abhinav Shukla Picture
Published On

भदोही, 08 मई 2026ः– जनपद के समग्र विकास, जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सांसद डॉ. विनोद बिंद, मा. जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, मा. विधायक औराई दीनानाथ भास्कर, मा. विधायक ज्ञानपुर विपुल दुबे, जिलाधिकारी शैलेष कुमार, पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी की अध्यक्षता में की गई। इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विभिन्न विकास परियोजनाओं, जनसमस्याओं और योजनाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई।

        बैठक में मा. सांसद डॉ. विनोद बिंद ने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता जनहित से जुड़े कार्यों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी तरीके से पूरा करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता से सीधे जुड़े विकास कार्यों और योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूर्ण कराया जाए, ताकि आमजन को शीघ्र लाभ मिल सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परियोजनाओं की जमीनी स्तर पर नियमित समीक्षा की जाए तथा फील्ड विजिट कर वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी परियोजना में कोई बाधा उत्पन्न हो रही है तो उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने जनसंपर्क व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने तथा जनता की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने पर विशेष बल दिया।

        बैठक में विधायक दीनानाथ भास्कर ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने ग्राम पंचायत उत्सव भवन हेतु भूमि चिन्हांकन, महराजगंज अंडरपास पर लगने वाले जाम की समस्या के समाधान के लिए पुलिस व्यवस्था, माधव सिंह ग्राम पंचायत में सफाई कर्मचारियों की तैनाती तथा द्वारिकापुर और परानापुर से दुखरनपुर तक सड़क निर्माण की मांग रखी। इसके अतिरिक्त उन्होंने शहीद शीतल पाल वेदपुर ग्राम पंचायत में पार्क हेतु भूमि चिन्हांकन तथा शहीद धीरज गुप्ता के परिवार को कृषि योग्य भूमि उपलब्ध कराने संबंधी विषय भी बैठक में उठाए। उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों से संबंधित प्रस्ताव भी प्रशासन को सौंपे।                   मा. विधायक विपुल दुबे ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के अंतर्गत स्वीकृत आठ सड़कों के कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने की आवश्यकता जताई। उन्होंने धनापट्टी पुल के दोनों ओर एप्रोच रोड की पैमाइश कराने, ज्ञानपुर से नथईपुर-अकोढ़ मार्ग पर नाली के ऊपर ढक्कन लगाने तथा सिंहपुर नहर की पटरी एवं संबंधित सड़कों के कार्यों को जल्द पूरा कराने की मांग की। विधायक ने क्षेत्रीय विकास से जुड़े कई अन्य प्रस्ताव भी बैठक में प्रस्तुत किए।

      बैठक के दौरान विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। सांसद डॉ. विनोद बिंद ने कहा कि प्रत्येक विभाग परिणाम आधारित कार्यप्रणाली अपनाए और यह सुनिश्चित करे कि योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय से पहुंचे। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न हो रही है, वहां विभागीय समन्वय को मजबूत करते हुए त्वरित कार्रवाई की जाए।

          सांसद ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं तथा गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि शासन की मंशा के अनुरूप जनपद का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।

         बैठक के अंत में जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सुझावों एवं शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेकर उनका गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है।

       इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविन्द शुक्ल, अपर जिलाधिकारी वि0 रा0 कुंवर वीरेन्द्र मौर्य, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ संतोष कुमार चक, जिला विकास अधिकारी ज्ञानप्रकाश, एवं जनप्रतिनिधिगण, एवं संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे। 
 
 
भदोही जनसमस्याएं नाली निर्माण कलेक्ट्रेट सभागार उत्तर प्रदेश प्रशासन विधायक दीनानाथ भास्कर सरकारी योजनाएं जिलाधिकारी शैलेष कुमार सड़क निर्माण एसपी अभिनव त्यागी विधायक विपुल दुबे शिकायत निस्तारण ग्राम पंचायत विकास विकास योजनाएं सांसद डॉ विनोद बिंद जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी पारदर्शी प्रशासन जिला समन्वय समिति बैठक जनहितकारी योजनाएं विकास परियोजनाएं समयबद्ध कार्य फील्ड विजिट जनसंपर्क व्यवस्था अंडरपास समस्या सफाई कर्मचारी तैनाती उत्सव भवन भूमि चिन्हांकन शहीद परिवार सहायता पुल एप्रोच रोड नहर पटरी कार्य बाल गोविन्द शुक्ल कुंवर वीरेन्द्र मौर्य डॉ संतोष कुमार चक ज्ञानप्रकाश भदोही विकास बैठक जनकल्याण कार्यक्रम

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें