मोबाइल से स्व-गणना कर जिलाधिकारी ने दिया डिजिटल जनगणना का संदेश
भारत की जनगणना 2027 को डिजिटल, पारदर्शी एवं सरल बनाने के उद्देश्य से जनपद प्रशासन द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
भदोही। भारत की जनगणना 2027 को डिजिटल, पारदर्शी एवं सरल बनाने के उद्देश्य से जनपद प्रशासन द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी शैलेष कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में स्वयं अपने मोबाइल फोन से स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया पूरी कर जनपदवासियों को डिजिटल जनगणना के प्रति जागरूक किया।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी एवं जिला जनगणना अधिकारी कुंवर वीरेंद्र मौर्य ने भी स्व-गणना की प्रक्रिया संपन्न की। जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनगणना पोर्टल पर पंजीकरण एवं स्व-गणना की पूरी प्रक्रिया की जानकारी देते हुए उनका भी स्व-गणना कार्य कराया।
जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कहा कि भारत सरकार द्वारा पहली बार नागरिकों को अपने मोबाइल फोन के माध्यम से स्वयं जनगणना करने की सुविधा दी गई है, जिससे प्रक्रिया अधिक आसान, पारदर्शी और समयबद्ध बनेगी। उन्होंने बताया कि स्व-गणना का कार्य 21 मई 2026 तक किया जा सकेगा। इसके लिए नागरिकों को जनगणना पोर्टल पर मोबाइल नंबर के माध्यम से पंजीकरण करना होगा। इसके बाद 22 मई से 20 जून 2026 तक प्रगणक दल घर-घर पहुंचकर मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य करेंगे।
उन्होंने जनपदवासियों, युवाओं, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों से अपील की कि वे स्वयं स्व-गणना करें तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें। जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि देश की विकास योजनाओं की आधारशिला है। शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार एवं आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं के निर्माण में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
कार्यक्रम के दौरान राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
भदोही राजस्व विभाग जागरूकता अभियान कलेक्ट्रेट सभागार भारत सरकार भदोही समाचार जनगणना 2027 जिलाधिकारी शैलेष कुमार डिजिटल जनगणना मकान सूचीकरण स्व-गणना सेल्फ एन्यूमरेशन जनगणना पोर्टल प्रमुख जनगणना अधिकारी अपर जिलाधिकारी कुंवर वीरेंद्र मौर्य मोबाइल आधारित जनगणना पारदर्शी प्रक्रिया प्रगणक दल घर-घर गणना विकास योजनाएं शिक्षा स्वास्थ्य रोजगार योजना नागरिक सहभागिता डिजिटल प्रशासन


Comments