जनसमस्याओं के समाधान को लेकर नवागत जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी एक्शन मोड में

जनसमस्याओं के समाधान को लेकर नवागत जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं।

Abhinav Shukla Picture
Published On

देवरिया। जनसमस्याओं के समाधान को लेकर नवागत जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। गुरुवार को आयोजित जनता दर्शन में डीएम ने फरियादियों की समस्याएं न सिर्फ गंभीरता से सुनीं, बल्कि उनके त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश दिए। खास बात यह रही कि अब शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए जूम लिंक और व्हाट्सएप व्यवस्था भी शुरू कर दी गई है।
 
जनता दर्शन के दौरान उस समय संवेदनशील तस्वीर देखने को मिली, जब ग्राम हरपुर निजाम से आए दिव्यांग दम्पति रहमत अली और खुशबून अपनी जमीन विवाद की शिकायत लेकर पहुंचे। जिलाधिकारी स्वयं उनके पास पहुंचे, उन्हें फल का पैकेट दिया और तत्काल सदर एसडीएम को मौके पर जाकर जांच करने के निर्देश दिए। डीएम ने राजस्व निरीक्षक और दो लेखपालों की टीम बनाकर उसी दिन कार्रवाई को कहा।
 
इस दौरान डीएम ने दिव्यांग दम्पति से सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने की जानकारी भी ली। पता चला कि खुशबून को दिव्यांग पेंशन नहीं मिल रही है। इस पर जिलाधिकारी ने जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी को तत्काल बुलाकर जरूरी अभिलेख प्राप्त कर पेंशन स्वीकृत कराने के निर्देश दिए। वहीं दम्पति की दो वर्षीय बच्ची को आंगनबाड़ी केंद्र से जोड़ने के निर्देश भी जिला कार्यक्रम अधिकारी को दिए गए।
 
जनता दर्शन में आई एक अन्य महिला फरियादी सीता देवी अपनी चार वर्षीय बच्ची अंशिका के साथ पहुंचीं। बच्ची के स्कूल न जाने की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी ने उसे भी आंगनबाड़ी केंद्र से जोड़ने के निर्देश दिए और कहा कि छोटे बच्चों का शुरुआती बौद्धिक विकास बेहद जरूरी है।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें