गोरखपुर दक्षिणांचल के ख़जनी में निर्वाचन एवं मतदाता जागरूकता को लेकर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने की बैठक
पं. हरि सहाय पीजी कॉलेज जैती में मतदाता पंजीयन शिविर, छात्र-छात्राओं और नागरिकों को दी निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी
रिपोर्ट/ बृजनाथ तिवारी /राजेश दीक्षित
बेलघाट/गोलाबाजार, गोरखपुर। पं. हरि सहाय पीजी कॉलेज, जैती-बेलघाट में गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में मतदाता जागरूकता एवं पंजीयन शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में खजनी तहसील के ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कुनाल रस्तोगी ने छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और क्षेत्रीय नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, संशोधन तथा मतदान के महत्व की जानकारी दी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कुनाल रस्तोगी और विशिष्ट अतिथि बाल विकास परियोजना अधिकारी बेलघाट विजय प्रकाश चौधरी रहे। अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सर्वेश दूबे ने की। संयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अजय कुमार सिंह एवं डॉ. कौशल कुमार पाठक ने किया, जबकि संचालन मृत्युंजय कुमार त्रिपाठी ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इसके बाद महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। प्राचार्य डॉ. सर्वेश दूबे ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कुनाल रस्तोगी को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक मतदाता की महत्वपूर्ण भूमिका है। पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के साथ मतदान में भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक होने के साथ परिवार और आसपास के लोगों को भी मतदाता पंजीकरण के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को अद्यतन रखना निर्वाचन प्रक्रिया का अहम हिस्सा है। किसी भी समस्या के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों और बीएलओ से संपर्क किया जा सकता है।
विशिष्ट अतिथि विजय प्रकाश चौधरी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती जागरूक नागरिकों से होती है। युवाओं में मतदाता जागरूकता का प्रभाव परिवार और समाज तक पहुंचता है। इसलिए युवाओं को अपने अधिकारों के साथ नागरिक कर्तव्यों को भी समझना चाहिए।
शिविर में बीएलओ ने नाम जोड़ने, विवरण में संशोधन और निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित जानकारी दी। विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका अधिकारियों और बीएलओ ने समाधान किया।
कार्यक्रम में महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, सादगी, स्वच्छता और मानव सेवा के विचारों पर भी चर्चा हुई। अंत में उपस्थित लोगों ने पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में पंजीकरण और मतदान के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। इस दौरान केके दूबे, शिक्षक-कर्मचारी, एनएसएस स्वयंसेवक, छात्र-छात्राएं, बीएलओ और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।


Comments