योगापट्टी में फर्जी दस्तावेज बनाने वाले साइबर कैफे पर छापा
दस्तावेज संबंधी कार्य केवल अधिकृत केंद्रों से ही कराएं तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें
बेतिया। योगापट्टी प्रखंड में पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में एक साइबर कैफे पर छापेमारी कर फर्जी दस्तावेज बनाने के बड़े मामले का खुलासा किया गया है। निदेशक, डीआरडीए, अरुण प्रकाश ने बताया कि गुप्ता साइबर कैफे ( सीएसई आईडी- 244222230013) नामक दुकान, जिसे सुनील प्रसाद द्वारा संचालित किया जा रहा था, पर आधार कार्ड में अवैध तरीके से उम्र सुधारने, फर्जी जन्म प्रमाण पत्र एवं आवासीय प्रमाण पत्र बनाने का आरोप है। उक्त साइबर कैफे द्वारा बीएसएनएल कर्नाटक का आईडी यूज करके फर्जी तरीके से बाईपास कर आधार में उम्र का करेक्शन किया जा रहा था।
शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए दुकान को सील कर दिया तथा प्राथीमिकी दर्ज करा दी गयी है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से दो लैपटॉप, एक इंकजेट प्रिंटर, एक पीवीसी प्रिंटर तथा कई संदिग्ध एवं फर्जी दस्तावेज जब्त किए। जब्त दस्तावेजों में आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र सहित अन्य कागजात शामिल हैं।कार्रवाई के दौरान साइबर कैफे में कार्यरत दो कर्मचारियों को हिरासत में लेकर थाना के सुपुर्द कर दिया गया है।
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है तथा इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी दस्तावेज संबंधी कार्य केवल अधिकृत केंद्रों से ही कराएं तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।


Comments