चिकित्सकों की मांग को लेकर राष्ट्रीय नव निर्माण संघर्ष समिति ने चलाया हस्ताक्षर अभियान, लोगों ने दिया भरपूर समर्थन
सीएचसी कोन में जब तक हड्डी रोग विशेषज्ञ और महिला चिकित्सक की नियुक्ति नहीं होगी तब तक संघर्ष जारी रहेगा - आनन्द पटेल दयालु
अजित सिंह/ राजेश तिवारी ( ब्यूरो रिपोर्ट)
कोन / सोनभद्र
रॉबर्ट्सगंज विधानसभा के ग्राम पंचायत खरौंधी में कोन के सीएचसी में विशेषज्ञ चिकित्सक की नियुक्ति की मांग को लेकर राष्ट्रीय नव निर्माण सेना ट्रस्ट के तत्वधान में राष्ट्रीय अध्यक्ष आनन्द पटेल दयालु के नेतृत्व में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया और गांव में पदयात्रा की गई।

इस अवसर पर आनन्द पटेल दयालु ने कहा कि आम आदमी के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष किया जा रहा है जहाँ दो लाख आबादी वाला कोन क्षेत्र आज भी काला पानी जैसा जीवन जीने को मजबूर है क्योंकि अधिकारी इस समस्या पर शुद्धि नहीं ले रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कोन सीएचसी में न तो हड्डी के चिकित्सक हैं और न ही महिला चिकित्सक हैं जिसकी वजह से क्षेत्र की माताओं और बहनों को इलाज के लिए लगभग सत्तर किलोमीटर दूर रॉबर्ट्सगंज जिला मुख्यालय जाना पड़ता है यही नहीं बल्कि छोटी छोटी बीमारी के लिए भी लोगों को बाहर जाना पड़ता है जो इस क्षेत्र के लोगों के लिए गंभीर समस्या है।
आनन्द पटेल दयालु ने कहा कि आजादी के लगभग अस्सी वर्ष बाद भी कोन क्षेत्र की दो लाख आबादी अच्छे चिकित्सक और स्वास्थ्य सुविधा से वंचित है। अस्पताल तो है लेकिन अच्छी दवाई नहीं मिलती और जांच के लिए मशीन भी नहीं है जो यह आम आदमी का अधिकार है।
आगे उन्होंने कहा कि जब तक कोन के सरकारी अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ और महिला चिकित्सक की नियुक्ति नहीं हो जाती तब तक हस्ताक्षर अभियान और जनांदोलन लगातार चलता रहेगा। इस दौरान सैकड़ों लोगों ने हस्ताक्षर कर इस जनांदोलन को समर्थन दिया और गांव गांव पदयात्रा में भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से संतोष कनौजिया प्रदेश उपाध्यक्ष अरुण कन्नौजिया अनिल खरवार , सत्यनारायण पटेल ,जनाब शरीफ खान प्रदेश सचिव सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। इस बावत् मुख्य चिकित्साधिकारी डॉक्टर पंकज कुमार राय ने कहा कि प्रशासन से डॉक्टरों की नियुक्ति के लिए बार- बार मांग किया है और पुन: नव निर्माण सेना के हस्ताक्षर अभियान के क्रम में डॉक्टरों व पैरा मेडिकल स्टाफ् ( एच आर) के लिए प्रशासन से मांग पत्र प्रेषित की गई है। डॉक्टरों की नियुक्ति होते ही सीएचसी सुचारु रूप से चलाने की व्यवस्था की जायेगी।

Comments