बलिया में शादी समारोह में खूनी हमला: बारात में आए युवक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या, तीन नामजद

आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

बलिया। बलिया के सहतवार थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब बारात में शामिल 22 वर्षीय युवक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। घटना मंगलवार रात करीब 11:30 बजे रेवती-सहतवार मार्ग स्थित एक मैरिज हॉल के पास हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के पिता की तहरीर पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार, सहतवार थाना क्षेत्र के बलेऊर निवासी सुरेश राजभर की बेटी की शादी मनियर थाना क्षेत्र के बड़सरी जागीर से आई बारात के साथ हो रही थी। जयमाल कार्यक्रम के बाद मोहन राजभर अपने साथी विजय राजभर के साथ खाना खाकर जनवासे की ओर जा रहा था। इसी दौरान कुछ लोग वाहन से उतरे और बिना किसी पूर्व विवाद के दोनों पर हमला कर दिया। हमले में मोहन के सिर पर गंभीर चोटें आईं।

घायल मोहन को पहले स्थानीय चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। साथी विजय राजभर को भी चोटें आई हैं, जिसका निजी अस्पताल में उपचार कराया गया।
मृतक के पिता श्रीकेवल राजभर ने थाने में दी तहरीर में राजू यादव, रंजीत यादव (दोनों निवासी सहतवार) और पंकज राजभर (निवासी बलेऊर) को नामजद किया है। आरोप है कि तीनों ने मिलकर मोहन और विजय को गिराकर बेरहमी से पीटा और फरार हो गए।

सहतवार थाना प्रभारी ने बताया कि शव को मोर्चरी में रखवाया गया है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। मोहन दो भाइयों में बड़ा था और अविवाहित था। वह राजकोट में एक निजी कंपनी में कार्यरत था और 18 फरवरी को ही शादी में शामिल होने घर आया था।घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा है। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें