नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
नगर निगम के अंतर्गत आने वाले सभी वार्डों में गोबर के उपले उपलब्ध कराए जाएंगे
नैनी, प्रयागराज। वायु प्रदूषण पर नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने इस वर्ष एक नई पहल की है। पहली बार होलिका दहन में लकड़ी की जगह गोबर के उपलों के उपयोग की तैयारी की गई है। इस अभियान के तहत एक लाख गोबर के उपले तैयार किए गए हैं। उपलों के वितरण की शुरुआत महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी द्वारा की जा रही है ।नगर निगम की योजना के अनुसार, नैनी क्षेत्र सहित नगर निगम के अंतर्गत आने वाले सभी जोनों के वार्डों में गोबर के उपले उपलब्ध कराए जाएंगे।
प्रत्येक वार्ड में निर्धारित स्थानों पर उपले रखे जाएंगे, ताकि लोग होलिका दहन के दौरान उनका उपयोग कर सकें।हालांकि, इस पहल को लेकर कुछ सवाल भी उठ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, हर वार्ड में केवल एक स्थान पर ही उपलों का वितरण किया जाएगा, जबकि अधिकांश वार्डों में चार से पांच स्थानों पर होलिका दहन की परंपरा रही है। ऐसे में अन्य स्थानों पर होने वाले होलिका दहन के लिए उपलों की व्यवस्था कैसे होगी, यह स्पष्ट नहीं है।
परंपरागत रूप से वार्ड के मुख्य चौराहे पर होलिका दहन किया जाता है, लेकिन कई मोहल्लों में अलग-अलग स्थानों पर भी होलिका सजाई जाती है। ऐसे में नागरिकों का मानना है कि यदि सभी स्थानों पर उपलों की पर्याप्त व्यवस्था की जाए तो यह पहल अधिक प्रभावी और सफल साबित हो सकती है।नगर निगम की यह पहल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक कदम मानी जा रही है। अब देखना यह होगा कि वितरण व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवालों का समाधान किस प्रकार किया जाता है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस पर्यावरण–अनुकूल प्रयास से जुड़ सकें।

Comments