नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
शिवरात्रि मेला खत्म, लेकिन बदइंतजामी का वीडियो वायरल
आस्था स्थल की गंदगी पर जनता का फूटा गुस्सा
अजित सिंह (ब्यूरो) के साथ कु. रीता की रिपोर्ट
ओबरा/सोनभद्र -
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित बाबा भूतेश्वर दरबार का मेला भले ही संपन्न हो चुका हो, लेकिन आयोजन के दिन मंदिर परिसर और गुफाओं में फैली गंदगी का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें हंसवाहिनी गुफा में विराजमान माता की प्रतिमा के आसपास कचरे का अंबार साफ देखा जा सकता है। वीडियो सामने आते ही लोगों में आक्रोश फैल गया है और श्रद्धालु इस लापरवाही की जमकर निंदा कर रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मेले के दिन ही हालात इतने खराब थे कि कई श्रद्धालु गुफा के अंदर जाने से कतराते दिखे और मंदिर की सीढ़ियों से ही पूजा-अर्चना कर लौट गए। लोगों का कहना है कि इतने बड़े धार्मिक आयोजन के बावजूद सफाई व्यवस्था का अभाव प्रशासन, नगर पंचायत और मंदिर कमेटी तीनों की संयुक्त विफलता को दर्शाता है।
स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि समय रहते सफाई नहीं कराई गई और जब जिम्मेदारों से सवाल किया गया तो उन्होंने स्पष्ट जवाब देने के बजाय बहाने बनाए। अब वीडियो वायरल होने के बाद लोगों की नाराजगी खुलकर सामने आ रही है और कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।
जनता के सवाल अब भी कायम हैं-
- मेले के दिन ही गंदगी क्यों फैली रही?
- जिम्मेदार अधिकारी और कमेटी सदस्य कहां थे?
- क्या वायरल वीडियो के बाद कोई कार्रवाई होगी या मामला दबा दिया जाएगा?
श्रद्धालुओं ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे प्रकरण की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में धार्मिक आयोजनों की गरिमा और श्रद्धालुओं की आस्था सुरक्षित रह सके।
मेले का समापन हो गया, लेकिन वायरल वीडियो ने व्यवस्थाओं की सच्चाई सबके सामने ला दी है।

Comments