नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
हजारीबाग के बड़कागांव में बाइक चोर गिरोह पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
23 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद, मास्टर चाबी से वारदात करने वाला एक आरोपी गिरफ्तार
हज़ारीबाग, झारखंड:- हजारीबाग जिले में लगातार बढ़ रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 23 अलग-अलग चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। इस मामले में एक शातिर मोटरसाइकिल चोर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं के उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग के निर्देश पर सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में अमित कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय), हजारीबाग के नेतृत्व में एक विशेष एसआईटी टीम का गठन किया गया।
पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि बड़कागांव थाना क्षेत्र के नापोकला में मोटरसाइकिल चोरी गिरोह के सदस्य बड़े पैमाने पर चोरी की बाइक की खरीद-बिक्री के लिए पहुंचने वाले हैं। सूचना के आधार पर गठित छापेमारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नापोकला एवं आसपास के क्षेत्रों में एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम सतीश प्रजापति उम्र 30 वर्ष पिता बुधन प्रजापति, ग्राम नापोकला, थाना बड़कागांव, जिला हजारीबाग बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने सहयोगियों के साथ विभिन्न थाना क्षेत्रों से मास्टर चाबी के माध्यम से मोटरसाइकिल चोरी करता था।
उसकी निशानदेही पर उसके घर एवं घर के पीछे छिपाकर रखी गई कुल 23 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई। बरामद मोटरसाइकिलों में स्प्लेंडर की 14, पैशन प्रो की 3, अपाची की 2, पल्सर की 2 तथा ग्लैमर की 2 मोटरसाइकिलें शामिल हैं। इसके अलावा एक इन्फिनिक्स मोबाइल भी बरामद किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त सतीश प्रजापति के विरुद्ध बड़कागांव थाना कांड संख्या 27/26, दिनांक 24.02.2026 के तहत धारा 111(2)(बी), 111(6), 111(7), 112(2), 317(4), 317(5), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने अन्य सहयोगियों के नाम भी बताए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए हजारीबाग एसआईटी टीम लगातार छापेमारी अभियान चला रही है। छापेमारी दल में अमित कुमार अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) हजारीबाग, पवन कुमार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बड़कागांव, पुलिस निरीक्षक ललित कुमार (बड़कागांव अंचल), थाना प्रभारी बड़कागांव कृष्ण कुमार गुप्ता, डाडी कला ओपी प्रभारी सागेन मुर्मू, सहायक अवर निरीक्षक बसंत भगत सहित बड़कागांव थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Comments