साहब फोन नहीं उठाते -: धनरुआ में बिजली की आंख-मिचौली से परेशान लोग
8 से 10 घंटे तक बिजली गुल, रात में सड़क किनारे बैठकर रात काटने को मजबूर उपभोक्ता
धनरुआ। प्रखंड क्षेत्र में बिजली की अनियमित आपूर्ति से उपभोक्ताओं की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। आए दिन बिजली की आंख-मिचौली से लोग परेशान हैं। स्थिति यह है कि कई बार रात में घंटों बिजली गुल रहने के कारण लोग घरों से बाहर निकलकर सड़क किनारे बैठकर समय बिताने को मजबूर हो जाते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शाम से लेकर देर रात तक बिजली की समस्या बनी रहती है। कई बार लगातार 8 से 10 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। ऐसे में उमस और गर्मी के बीच बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि बिजली आपूर्ति बाधित होने के बाद जब समस्या की जानकारी देने के लिए विभागीय अधिकारियों और संबंधित कर्मियों को फोन किया जाता है, तो कई बार फोन नहीं उठाया जाता। खासकर रात के समय अधिकारियों से संपर्क करना उपभोक्ताओं के लिए मुश्किल हो जाता है।
लोगों का कहना है कि बिजली विभाग उपभोक्ताओं से समय पर बिल भुगतान की अपेक्षा करता है, लेकिन बिजली आपूर्ति बाधित होने पर शिकायत सुनने वाला कोई नहीं मिलता। ग्रामीणों ने विभाग के वरीय अधिकारियों से मामले में संज्ञान लेकर नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने और रात के समय शिकायतों के निपटारे के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की है।


Comments