सरयू का जलस्तर बढ़ने से घाट डूबे, तटवर्ती गांवों में घुसा बाढ़ का पानी
रामजानकी मार्ग की पुलिया से गांवों की ओर बढ़ रहा पानी, प्रशासन और सिंचाई विभाग अलर्ट;
रिपोर्ट- बृजनाथ तिवारी (ग़ोला तहसील)
गोलाबाजार, गोरखपुर, 1 अक्टूबर। सरयू नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि से गोला क्षेत्र में बाढ़ का असर बढ़ता जा रहा है। नगर पंचायत गोला बाजार के बिसरा क्षेत्र समेत सरयू के तटवर्ती इलाकों में पानी फैलने लगा है। क्षेत्र के सभी प्रमुख पक्के घाट जलमग्न हो गए हैं, जबकि अतरौरा, भवनियापुर समेत आसपास के कई गांवों में भी बाढ़ का पानी पहुंच गया है। ग्रामीणों के अनुसार रामजानकी मार्ग पर बनी पुलिया के रास्ते पानी सड़क के उत्तर दिशा स्थित गांवों की ओर तेजी से बढ़ रहा है।
बिसरा क्षेत्र से पानी अतरौरा, भवनियापुर और आसपास के इलाकों की ओर फैलने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। वहीं, परनई उर्फ अर्जुनपुरा में नदी का जलस्तर बढ़ने से कटान की स्थिति बनने लगी है। ग्रामीणों ने बताया कि मार्ग पर भी पानी पहुंच गया है। उनका कहना है कि नवऊ बाबा की कुटी के आसपास जलस्तर घटने के बाद कटान का खतरा और बढ़ सकता है।
बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन और सिंचाई विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार नजर रख रही हैं। प्रशासन के निर्देश पर 28 सितंबर से सरयू नदी में नावों के संचालन पर रोक लगाई गई है। इसके बावजूद बिसरा घाट पर कुछ नाविकों द्वारा नावों का संचालन किए जाने की सूचना सामने आई है। प्रशासन की ओर से लोगों से नदी और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में अनावश्यक आवागमन से बचने की अपील की जा रही है।
सिंचाई विभाग की टीम ने प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण
Read More कांशीराम के परिनिर्वाण दिवस पर रूधौली में बसपा का कार्यकर्ता महासम्मेलन मैं उमड़ा जल सैलाबनगर पंचायत गोला बाजार के वार्ड नंबर 18 में सरयू नदी से प्रभावित बिसरा-गोला मार्ग, डिहवा घाट, बरदेसिया घाट, सतनामी घाट, हनुमानगढ़ी घाट और बाबा घाट समेत सभी प्रमुख पक्के घाटों का सिंचाई विभाग के जेई सत्यप्रकाश और उनकी टीम ने स्थलीय निरीक्षण किया। टीम ने जलस्तर और आसपास के क्षेत्रों में पानी की स्थिति का जायजा लिया।
जेई सत्यप्रकाश ने बताया कि सरयू नदी के ऊपरी क्षेत्रों, अयोध्या समेत अन्य स्थानों पर जलस्तर में कमी दर्ज की जा रही है। इसका असर गोला क्षेत्र में भी जल्द दिखाई देने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि रात तक गोला क्षेत्र में भी नदी का जलस्तर कम होने की संभावना है। बारिश में भी कमी आई है। विभागीय टीम नदी के जलस्तर और प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।


Comments