नवीनतम
राजनीति
बिजली की टूटी तार की चपेट में आकर वृद्ध महिला गंभीर रूप से झुलसी
पीएमसीएच रेफर
धनरूआ, पटना। धनरूआ थाना क्षेत्र के हुलासचक गांव में शुक्रवार सुबह बिजली विभाग की कथित लापरवाही के कारण एक बड़ा हादसा हो गया। गांव की 65 वर्षीय सुनीता देवी बिजली की टूटी हुई तार के संपर्क में आने से गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना के बाद ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, धनरूआ पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) रेफर कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव में काफी दिनों से बिजली की तार झुकी हुई और जर्जर अवस्था में थी। शुक्रवार सुबह सुनीता देवी उसी तार के संपर्क में आ गईं, जिससे उन्हें जोरदार करंट लगा और वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों सहित ग्रामीणों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विभाग नियमित रूप से बिजली बिल की वसूली तो करता है, लेकिन जर्जर तारों और पोलों की मरम्मत की ओर ध्यान नहीं देता। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार तार की खराब स्थिति की जानकारी विभाग को दी गई थी, बावजूद इसके कोई कार्रवाई नहीं की गई।
घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई, पूरे क्षेत्र में बिजली लाइनों की जांच तथा जर्जर तार-पोलों की तत्काल मरम्मत की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Read More अधिवक्ता मंच, इलाहाबाद की ओर से बार काउंसिल ऑफ इंडिया के चेयरमैन मनन कुमार मिश्र के नाम खुला पत्रउधर, चिकित्सकों के अनुसार पीड़िता को करंट लगने के साथ-साथ गंभीर रूप से जलने की चोटें आई हैं। पीएमसीएच में विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
वहीं, बिजली विभाग के स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद जांच के लिए टीम भेजी जा रही है। विभाग ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने का आश्वासन दिया है।


Comments