नवीनतम
राजनीति
विश्व पर्यावरण दिवस पर सरस सिंह एवं अधिवक्ता शैलेश कुमार पांडेय ने दिया हरित संदेश, किया पौधारोपण।
स्वतंत्र प्रभात ।
संवाददाता।
प्रयागराज। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर क्षेत्रीय पत्रकार सरस सिंह एवं अधिवक्ता शैलेश कुमार पांडेय ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण किया और लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की अपील की। इस दौरान दोनों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इसे जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाना आवश्यक है।
पौधरोपण कार्यक्रम के दौरान पत्रकार सरस सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ता प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और घटते वन क्षेत्र मानव जीवन के लिए गंभीर चुनौती बनते जा रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि एक पेड़ केवल ऑक्सीजन ही नहीं देता, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
वहीं अधिवक्ता शैलेश कुमार पांडेय ने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें, प्लास्टिक के उपयोग को कम करें तथा अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी देखभाल करें। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण देने के लिए आज से ही ठोस कदम उठाने होंगे। वृक्षारोपण केवल औपचारिकता नहीं बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है।
सरस सिंह ने युवाओं से विशेष रूप से आह्वान किया कि वे अपने जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ अथवा अन्य विशेष अवसरों पर पौधरोपण करें और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल भी करें। उन्होंने कहा कि यदि हर व्यक्ति वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करे, तो पर्यावरण संबंधी अनेक समस्याओं का समाधान संभव है।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने भी पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली और क्षेत्र को हरा-भरा बनाने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में सभी को पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने तथा स्वच्छ, सुरक्षित एवं हरित वातावरण के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने का संदेश दिया गया।


Comments