पोस्ट ऑफिस में पार्सल से गांजा बरामद, मसौढ़ी थाना में मामला दर्ज
मोबाइल नंबर धारक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई
स्वतंत्र प्रभात | संवाददाता मनोज कुमार
प्रकाशक – जितेंद्र कुमार राजेश
मसौढ़ी। मसौढ़ी थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पोस्ट ऑफिस मसौढ़ी में एक पार्सल से गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद किया है। इस मामले में मोबाइल नंबर धारक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, रविवार को मसौढ़ी पोस्ट ऑफिस में संदिग्ध पार्सल की जांच के दौरान पुलिस को एक पार्सल से करीब 310 ग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ। मामले की सूचना मिलते ही मसौढ़ी थाना अध्यक्ष विवेक भारती के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा जांच के दौरान पार्सल से जुड़े मोबाइल नंबर 9262960581 के धारक की पहचान कर उसके विरुद्ध मसौढ़ी थाना कांड संख्या 395/26 दिनांक 18.05.26 के तहत धारा 8/20(b)(ii)(A) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।
थाना अध्यक्ष विवेक भारती ने बताया कि मादक पदार्थ भेजने और प्राप्त करने वाले नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। मामले में संलिप्त लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मसौढ़ी पुलिस की इस कार्रवाई से नशा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में मादक पदार्थों के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा और ऐसे कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


Comments