जिलाधिकारी के तहसील सदर के सघन निरीक्षण से अधिकारियों-कर्मचारियों में मचा हड़कंप

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

प्रतापगढ़। जनपद में प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़, पारदर्शी एवं जनहितकारी बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने मंगलवार को तहसील सदर का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तहसील के समस्त पटलों की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव, लंबित प्रकरणों तथा न्यायालयीन कार्यों की स्थिति का बारीकी से परीक्षण किया। जिलाधिकारी ने विभिन्न धाराओं में लंबित राजस्व पत्रावलियों, भूलेख पटल, खतौनी कक्ष, पट्टा रजिस्टर, आय एवं जाति प्रमाण पत्र पटल, सर्विस बुक, नजारत, रिकॉर्ड रूम एवं न्यायालय से संबंधित अभिलेखों का निरीक्षण किया। 
 
डीएम ने एसडीएम कोर्ट में रखी राजस्व वाद की विभिन्न धाराओं की पत्रावलियों का गहनता से निरीक्षण किया जिसमें पेशकार की कार्यप्रणाली को सही ठीक ढंग से करने का निर्देश दिया,साथ ही पूर्वान्ह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक जनता दर्शन करने का निर्देश उपजिलाधिकारी सदर को दिया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में अधिवक्ता शेड के निर्माण व पानी की व्यवस्था हेतु जिलाधिकारी से अनुरोध किया जिस पर डीएम ने अधिवक्ता शेड बनवाने का आश्वासन दिया तथा उपजिलाधिकारी सदर को निर्देशित किया कि तहसील परिसर में 2 वाटर कूलर आरओ सहित लगवाया जाये।
 
तहसीलदार सदर कोर्ट के निरीक्षण में पत्रावलियों में अनियमितता मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और तहसीलदार सदर अनिल कुमार को चेतावनी देते हुये कहा कि यदि एक सप्ताह के अन्दर अभिलेख पूर्ण न पाये गये वेतन बाधित कर दिया जायेगा। उपजिलाधिकारी न्यायिक कोर्ट का निरीक्षण किया और कोर्ट की पत्रावलियों का गहनता से अवलोकन किया गया।
 
डीएम ने तहसील में बने अभिलेखागार का निरीक्षण किया। खराब अग्निशमन यंत्र को सही कराने के निर्देश दिये। अन्त में जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी सदर व अन्य अधिकारियों को निर्देशित किया जो भी कमियां पायी गयी है एक सप्ताह  के अन्दर दुरूस्त कराकर अवगत करायें। जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि न्यायालयी कार्यों में लापरवाही, अनियमितता और पारदर्शिता की कमी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें