विष्णु महायज्ञ हेतु भूमि पूजन से लोगों में दिखी उल्लास की झलक

विष्णु महायज्ञ से बिखरेगी प्रखण्ड के चहुँ ओर आध्यात्मिक सुरभि 

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

पाकुड़िया, पाकुड़, झारखंड:- यज्ञ सनातन संस्कृति की अमूल्य निधि है। यज्ञ पूर्णत: वैज्ञानिक तथ्यों पर आधारित होते हुए इसके व्यापक अर्थ में संगतिकरण का भाव निहित है। यज्ञ केवल धार्मिक कर्मकांड ही नहीं है अपितु लोक रंजन का सशक्त सेतु भी है। वहीं यज्ञ के वैज्ञानिक पक्ष की महत्ता को रेखांकित करते हुए कहा गया है कि यज्ञ वेदी पर निर्मित हवन कुंड में होमी गई आम, पाकड़ आदि विभिन्न वृक्षों की समिधाएं व हवन सामग्रियों का सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
 
शास्त्रों में वर्णन मिलता है कि देव-दानवों के अलावा याज्ञवल्क्य, पराशर, संदीपनी, अगस्त्य, विश्वामित्र सहित ऋषि-महर्षियों ने विधिवत यज्ञ का अनुष्ठान कर दुर्लभ सिद्धियां प्राप्त कीं। शास्रोक्त रीति-नीति से यज्ञ कर दशानन रावण और बड़े-बड़े राजाओं ने मनोवांछित फल प्राप्त किए। यज्ञ से देवों को बल मिलता है एवं वे प्रसन्न होकर मानव के सारे मनोरथ पूर्ण करते हैं।हालांकि सनातन सांस्कृतिक मूल्यों में उल्लेखित यज्ञ की महत्ता बताना संभव नहीं है। यदि इसके एक पक्ष संगतिकरण को भी हम साकार रूप में लें तो मानवीय हित को संबल मिलता रहेगा।
 
अस्तु, विगत कई वर्षों के उपरांत प्रखण्ड मुख्यालय पाकुड़िया स्थित रामलल्ला यज्ञ मैदान में पुनः विष्णु महायज्ञ के भव्य आयोजन किए जाने से प्रखण्डवासियों में अपूर्व उत्साह और उल्लास से प्रखण्ड का कण-कण रोमांचित होता दिख रहा है। वहीं दूसरी ओर विष्णु महायज्ञ के आयोजन से पाकुड़िया प्रखण्ड में आध्यात्मिक सुगंध बिखरने से लोगों के मन-मस्तिष्क में अपूर्व उत्साह का संचार होगा जिससे मन प्रसन्न रहेगा। इससे लोगों में सामाजिक सद्भाव की वृद्धि होगी और नकारात्मक भाव का लोप होता दिखेगा।
 
विष्णु यज्ञ के विशाल आयोजन और मनोरंजन की सामग्री आने तथा संध्या को बंगला, संथाली व लाल मोहन तिवारी की मनोहारी शैली में हिन्दी, बंगला, खोरठा भाषा में श्रीराम विवाह, शिव-पार्वती सहित कई आख्यायिकाओं की प्रस्तुतियों से प्रखण्डवासियों की उत्सुकता बढ़ती दिख रही है और 21 से 29 अप्रैल की वेला की प्रतीक्षा में लोग पलकें बिछाए बैठे हैं।
यज्ञ समिति के उत्साही तरुणों के प्रति लोगों ने बधाई दी है और विश्वास जताया है कि वे विष्णु महायज्ञ के आयोजन में पूर्णत: सफल होंगे।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें

नवीनतम समाचार