विदाई के समय दूल्हे को मिर्गी आने पर दुल्हन ससुराल जाने से किया इनकार

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

ब्यूरो प्रयागराज। प्रयागराज के बहरिया क्षेत्र में एक शादी उस समय टूट गई जब विदाई से ठीक पहले दूल्हे को मिर्गी का दौरा पड़ गया। शुक्रवार सुबह भात की रस्म के दौरान दूल्हे की तबीयत बिगड़ने पर दुल्हन ने ससुराल जाने से इनकार कर दिया।

जानकारी के अनुसार, सात फेरे सहित अन्य वैवाहिक रस्में पूरी हो चुकी थीं। भात की रस्म के दौरान दूल्हा अचानक आंगन में गिर पड़ा। परिजनों ने तुरंत उसे संभाला, जिसके बाद पता चला कि उसे मिर्गी का दौरा पड़ा था। इस घटना से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और दोनों पक्षों के लोग स्तब्ध रह गए।

बहरिया क्षेत्र की युवती का विवाह प्रतापगढ़ जिले के पट्टी क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से तय हुआ था। गुरुवार रात बारात धूमधाम से पहुंची थी। द्वारचार, जयमाल और सात फेरे की रस्में हंसी-खुशी संपन्न हुई थीं।

सुबह विदाई की तैयारी चल रही थी, तभी दूल्हे की तबीयत बिगड़ने की यह घटना सामने आई। परिस्थितियों को देखते हुए दुल्हन ने ससुराल जाने से स्पष्ट इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बातचीत हुई। अंततः आपसी सहमति से विवाह को निरस्त करने का फैसला लिया गया।

दूल्हे की बारात बिना दुल्हन के ही लौट गई। गांव में पूरे दिन इस अचानक बदले घटनाक्रम और लिए गए फैसले की चर्चा होती रही। 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें