नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
कानपुर में फर्जी डिग्री बनाने का बड़ा अंतरराज्यीय गिरोह पकड़ा गया, चार गिरफ्तार
कानपुर। किदवई नगर पुलिस ने आज फर्जी मार्कशीट, डिग्री एवं माइग्रेशन सर्टिफिकेट बनाने वाले संगठित गिरोह का भंडाफोड़ कर 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है और भारी मात्रा में विभिन्न विश्वविद्यालयों, बोर्ड की फर्जी अंकपत्र व डिग्रियां बरामद की हैं। इस गिरोह के तार नौ राज्यों में फैले हुए हैं।पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने आज इसकी जानकारी देते हुए बताया थाना किदवई नगर पुलिस टीम यूपी बोर्ड परीक्षा ड्यूटी एवं शांति व्यवस्था हेतु क्षेत्र भ्रमण पर थी। इसी दौरान मुखबिर द्वारा सूचना दी गई कि गौशाला चौराहे के पास “शैल ग्रुप ऑफ एजुकेशन" नामक कार्यालय में विभिन्न
विश्वविद्यालयों/बोर्डों की फर्जी मार्कशीट, डिग्री एवं माइग्रेशन सर्टिफिकेट तैयार कर धन उगाही की जा रही है। इस सूचना पर पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर प्रथम तल स्थित कार्यालय में दबिश दी गई, जहां चार व्यक्तियों को संदिग्ध परिस्थितियों में दस्तावेजों के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे बिना परीक्षा दिलाए हाईस्कूल, इंटरमीडिएट सेलेकर स्नातक, स्नातकोत्तर, विधि एवं फार्मेसी आदि पाठ्यक्रमों की फर्जी अंकपत्र व डिग्रियां तैयार कराते थे।
अभियुक्तों द्वारा विशेष रूप से छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय की फर्जी माइग्रेशन बुकलेट छपवाकर तथा डिप्टी रजिस्ट्रार (Exam) की नकलीमोहर बनवाकर लगभग 80 फर्जी माइग्रेशन सर्टिफिकेट जारी किए जाने की बात स्वीकार की गई। संस्था का कोई वैध पंजीकरण नहीं पाया गया तथा फर्जी रजिस्ट्रेशन नंबर के माध्यम से लोगों को भ्रमित किया जाता था। मौके से विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश से संबंधित सैकड़ों की संख्या में फर्जी मार्कशीट, डिग्रियां, ग्रेड शीट, प्रोविजनल सर्टिफिकेट, माइग्रेशन बुकलेट, रसीद बुक एवं नकली मोहर बरामद की गई। पुलिस ने शैलेंद्र कुमार पुत्र ओमप्रकाश निवासी ऊंचाहार, नागेन्द्र मणि त्रिपाठी पुत्र सुरेंद्र कुमार त्रिपाठी निवासी कौशांबी, जोगेंद्र पुत्र ओमप्रकाश निवासी दिल्ली, अश्वनी कुमार पुत्र मदन सिंह निवासी उन्नाव को गिरफ्तार किया गया है तथा अन्य पांच लोगों की पुलिस को तलाश है।

Comments