राजनीति
युवा साथी झारखंड संस्था ने पुलवामा हमले में शहीद जवानों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि
युवाओं को राष्ट्रसेवा का दिया संदेश
बरही, हजारीबाग, झारखंड:- हजारीबाग जिले के सक्रिय सामाजिक संगठन युवा साथी झारखंड द्वारा शनिवार को जम्मू कश्मीर के पुलवामा जिले में हुए आतंकी हमले में शहीद हुए केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल के वीर जवानों की स्मृति में बरही चौक पर एक श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान संस्था के सदस्यों एवं स्थानीय युवाओं ने मिलकर मोमबत्ती जलाकर शहीदों को नमन किया और दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। संस्था के अध्यक्ष विकास सिंह ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल श्रद्धांजलि तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति की भावना को मजबूत करना और समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना है।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशा, हिंसा और नकारात्मक गतिविधियों से दूर रहकर शिक्षा, रोजगार और समाजसेवा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनें, ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को देश के लिए त्याग और समर्पण की प्रेरणा मिलती है। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए संस्था के सदस्यों ने कहा कि पुलवामा हमला देश के इतिहास की सबसे दर्दनाक घटनाओं में से एक है, जिसमें हमारे जवानों ने राष्ट्र की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उन्होंने कहा कि जवानों का यह बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता और हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए जागरूक रहे। कार्यक्रम के दौरान संस्था की ओर से यह भी कहा गया कि पुलवामा मामले को लेकर अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है, जिससे शहीद परिवारों और आम जनता में निराशा है।
संस्था ने मांग की कि इस गंभीर मामले में शीघ्र न्यायिक प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाए, ताकि सच्चाई सामने आए और दोषियों को सख्त सजा मिल सके। आतंकवाद के खिलाफ कड़े कदम उठाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए सरकार से यह भी मांग की कि शहीद जवानों के परिवारों को स्थायी सहायता, रोजगार और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा में लगे जवानों का सम्मान केवल शब्दों से नहीं, बल्कि ठोस नीतियों और न्याय से होना चाहिए। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने शहीद जवानों के सम्मान में भारत माता की जय और वीर जवान अमर रहें जैसे नारों के साथ कार्यक्रम का समापन किया।
संस्था ने यह भी संकल्प लिया कि भविष्य में भी ऐसे सामाजिक और राष्ट्रहित से जुड़े कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में अजय मेहता, सरफराज़ खान, आशीष कुमार, शारुफ आलम, सूरज साव, अहमद, रिजवान, शहमद, पंकज, रेवल, नफील इमरोज, अनुज चन्द्रवंशी, सहजाद, सकिल, सोनू, शमी, मंसूर, मंजीत, विकास, शंकर, गुलशन, दीपेश, वसीम, समशेर आदि लोग उपस्थित थे।

Comments