लम्भुआ कोतवाली प्रभारी को हटाने की मांग तेज
पत्रकारों के समर्थन में प्रदर्शन
लम्भुआ/सुल्तानपुर।
लम्भुआ कोतवाली क्षेत्र के मदनपुर में हुए अमित सिंह हत्याकांड की कवरेज के दौरान पत्रकार से कथित अभद्रता के विरोध में शुक्रवार को लम्भुआ तहसील परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया गया। अखण्ड पत्रकार वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले आयोजित प्रदर्शन में पत्रकारों के साथ किसान यूनियन व विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।
प्रदर्शन के बाद लम्भुआ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धीरज कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर जिलाधिकारी सुल्तानपुर को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी लम्भुआ को सौंपा गया।
उपजिलाधिकारी की अनुपस्थिति में नायब तहसीलदार अभयराज पाल ने ज्ञापन प्राप्त किया।
प्रदर्शन में भारतीय किसान यूनियन, मानवाधिकार सुरक्षा संगठन सहित अन्य संगठनों ने एकजुटता दिखाते हुए घटना की कड़ी निंदा की। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और उनके साथ अभद्र व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है।
उपजिलाधिकारी गामिनी सिंगला (आईएएस) ने पत्रकारों से वार्ता कर आश्वासन दिया कि प्रकरण से जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया जाएगा तथा जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रदर्शनकारियों ने निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।

Comments